Bollywood Assam flood relief: असम इस समय भीषण बाढ़ की मार झेल रहा है। राज्य के कई इलाकों में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित है और राहत-बचाव का काम जारी है। इस मुश्किल वक्त में स्टैंड-अप कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर समय रैना ने मदद का हाथ बढ़ाया है। बता दें, उन्होंने असम के सीएम राहत कोष में 10 लाख रुपये का योगदान दिया है। समय के इस कदम पर CM हिमंत बिस्वा सरमा ने उनका आभार जताया है।
सीएम हिमंत ने समय रैना को कहा शुक्रिया
समय रैना के योगदान की जानकारी सामने आने के बाद सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर उनका धन्यवाद किया। उन्होंने असम में चल रहे मुश्किल हालात के बीच राहत प्रयासों में योगदान देने के लिए समय रैना का आभार जताया। दरअसल, समय का ये योगदान बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए चलाए जा रहे राहत और पुनर्वास कार्यों में यूज किया जाएगा। राज्य में बाढ़ प्रभावित इलाकों तक राहत सामग्री पहुंचाने और प्रभावित परिवारों की मदद के प्रयास जारी हैं।
असम में लगातार गंभीर बनी हुई है बाढ़ की स्थिति
जुलाई के तीसरे सप्ताह से असम के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। खासतौर पर ऊपरी असम के कई जिलों में बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। हालांकि, बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत शिविरों में लोगों को ठहराया गया है। सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत और बचाव अभियान में जुटी हैं।
असम की बाढ़ ने फिल्म और मनोरंजन जगत का भी ध्यान खींचा है। कई स्टार्स ने प्रभावित लोगों की मदद के लिए आर्थिक योगदान दिया है और लोगों से राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की है, जिसमें समय रैना से पहले भी मनोरंजन जगत से जुड़े कई नाम असम के बाढ़ राहत प्रयासों के समर्थन में सामने आए हैं, जैसे एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर, यूट्यूबर अभिषेक मल्हान फुकरा इंसान,कार्तिक आर्यन, रणदीप हुड्डा, अनुपम खेर नाम शामिल है।


