महेंद्रगढ़ में कछुआ बेचने के नाम पर 5 लाख ठगे:पुलिस ने अरेस्ट किए पांच आरोपी, 4 लाख कैश बरामद, राजस्थान के रहने वाले

महेंद्रगढ़ में कछुआ बेचने के नाम पर 5 लाख ठगे:पुलिस ने अरेस्ट किए पांच आरोपी, 4 लाख कैश बरामद, राजस्थान के रहने वाले

महेंद्रगढ़ पुलिस ने कछुआ दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार लाख रुपए और घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की हैं। सभी पांचों आरोपियों को शनिवार को जेल भेज दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैजल खान ने बताया कि इस संबंध में जेरपुर निवासी राहुल ने 30 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, दो युवकों ने कछुआ उपलब्ध कराने का लालच दिया। इसके लिए पांच लाख रुपए में सौदा तय हुआ। कछुए की खरीद-फरोख्त के लिए सेहलंग रोड डिलीवरी देनी थी। जहां राहुल के पिता से आरोपियों ने पांच लाख रुपए लिए गए और आरोपी कछुआ भी लेकर फरार हो गए। रिमांड अवधि के दौरान बरामद किए चार लाख रुपए मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 5 अगस्त को सदर महेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र के बांस खुड़ाना निवासी सीताराम और अलवर जिले के गाजी थाना क्षेत्र के कोला का बांस निवासी श्योराम को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को 6 अगस्त को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन का पुलिस रिमांड मिला। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपियों से चार लाख रुपए और घटना में इस्तेमाल की गई दो बाइक बरामद की। राजस्थान के रहने वाले हैं आरोपी पुलिस रिमांड के दौरान आगे की जांच में 7 अगस्त को जयपुर जिले के जमवारामगढ़ थाना क्षेत्र के निम्बी गांव की बावरिया की ढाणी निवासी धौलू बावरिया को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, मामले में संलिप्त सदर महेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र के बांस खुड़ाना निवासी गोपाल और उसकी पत्नी कैलाशी देवी को भी गिरफ्तार किया गया। 7 अगस्त को गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद नसीबपुर जेल भेज दिया गया। महेंद्रगढ़ पुलिस आम जनता से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के लालच, झांसे या संदिग्ध खरीद-फरोख्त के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे न दें। यदि किसी व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी या ऐसी कोई घटना होती है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *