Indore News: अधूरा रह गया थाईलैंड जाने का सपना, एयरपोर्ट पर युवती को पता चला सच

Indore News: अधूरा रह गया थाईलैंड जाने का सपना, एयरपोर्ट पर युवती को पता चला सच

Indore Thailand trip fraud: मध्यप्रदेश के इंदौर में एक युवती थाईलैंड जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंची लेकिन एयरपोर्ट पर उसे जो सच पता चला उसे जानकर वो हैरान रह गई। दरअसल युवती थाईलैंड की जो टिकट लेकर एयरपोर्ट पर पहुंची थी वो नकली थी और जिसके जरिए उसने ये टिकट खरीदा था वो एक शातिर ठग था। शातिर ठग ने उसे कम पैसों में थाईलैंड ट्रिप कराने का झांसा दिया और नकली टिकट भेजकर 43 हजार रुपये ठग लिए। अब युवती ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई है जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।

इंस्टाग्राम पर देखा था थाईलैंड ट्रिप का विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक ठगी की वारदात निजी कंपनी में काम करने वाली पूर्वा सिंह के साथ पिछले दिनों हुई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आइटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। फरियादी ने पुलिस सायबर सेल को की गई शिकायत में बताया कि इंस्टाग्राम पर थाईलैंड ट्रिप का विज्ञापन देखा था। 19 अप्रैल को मेरे वॉट्सएप पर मैसेज आया, जिसमें थाईलैंड ट्रिप की जानकारी और चार्ज बताए गए। अधिक कीमत होने पर जब मैंने मना किया तो मेरे पास कम कीमत ट्रिप वाले ऑफर का मैसेज आया। इसमें कम किराए में थाईलैंड के फुकेट की ट्रिप और इंडिगो के साथ कोलैबोरेशन की बात कही गई थी।

43 हजार रुपये लेकर थमाया नकली टिकट

युवती शातिर ठग की बातों में आ गई और इसी दौरान ठग ने उसे भुगतान के लिए लव गुप्ता नाम के व्यक्ति का बैंक अकाउंट दिया। युवती पूर्वा ने बुकिंग कर करीब 43 हजार रुपए उस अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए। मगर 6 जुलाई को जब पूर्वा थाइलैंड ट्रिप के सपने लिए इंदौर एयरपोर्ट पहुंची तो उसके सपने चकनाचूर हो गए। उसे जो टिकट दिया गया था वो एयरपोर्ट पर जांच में फर्जी निकला। टिकट के नकली होने का पता चलते ही पूर्वा ने उक्त आरोपी को फोन करने की कोशिश की लेकिन नंबर बंद आया, इससे पूर्वा को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। वो तुरंत पुलिस थाने पहुंची और अपने साथ हुई ठगी की शिकायत दर्ज कराई। पूर्वा ने पुलिस को बताया है कि ठगी के बाद आरोपियों ने मोबाइल नंबर बंद कर लिए हैं और कंपनी की ई-मेल आइडी भी फर्जी निकली है। मामले में पुलिस ने सायबर डेस्क की मदद से जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *