सोनभद्र में बभनी थाना क्षेत्र के करकच्छी गांव में युवक के साथ मारपीट और अमानवीय कृत्य के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, छेड़खानी की बात को लेकर एक युवक को रास्ते से जबरन घर में ले जाकर बंधक बनाने, मारपीट करने और अपमानित करने का आरोप है। बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के भाई और उसकी पत्नी के साथ भी लाठी-डंडे से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक बभनी अरविंद सरोज के नेतृत्व में कार्रवाई की। पुलिस टीम ने देर रात तक दबिश देकर सभी 10 आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अजय पुत्र राजेंद्र, राजेंद्र पुत्र छबिलाल, चितरंजन पुत्र शिवलोचन, ममता पत्नी अजय, चिंता पत्नी अयोध्या, शंभू पुत्र अशर्फी लाल, संजय पुत्र सीताराम, सीताराम पुत्र मनोरथ, रामकिशुन पुत्र मनमूरत और बीगन पुत्र रत्तू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी ग्राम करकच्छी, थाना बभनी के निवासी हैं।
क्या था पूरा मामला पुलिस के अनुसार, बभनी थाना क्षेत्र के करकच्छी गांव में गुरुवार दोपहर इकदिरी गांव निवासी 27 वर्षीय भोला प्रसाद बभनी बाजार से अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि करकच्छी गांव पहुंचने पर कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया और जबरन अपने घर ले गए। वहां उसे बांधकर बेरहमी से पीटा गया। पीड़ित के भाई की तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने मारपीट के बाद भोला को अर्द्धनग्न कर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया। आरोप है कि उसके मुंह पर चूना पोता गया और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर उसे गांव में घुमाया गया। घटना के दौरान उसके साथ अभद्रता और अपमानजनक व्यवहार भी किया गया। घटना की जानकारी मिलने पर सरजू प्रसाद और उनकी पत्नी कौशल्या बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। महिला के बाल पकड़कर घसीटने का भी आरोप लगाया गया है। बाद में गांव के लोगों के हस्तक्षेप के बाद हमलावर भोला को छोड़कर वहां से चले गए। घटना के बाद घायल भोला प्रसाद को तत्काल बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


