Ireland vs Afghanistan 2nd ODI: आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही पांच वनडे इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला उत्तरी आयरलैंड के ब्रेडी क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर खेला जा रहा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने इब्राहिम जादरान की 84 रनों की अर्धशतकीय पारी के दम पर आयरलैंड के सामने 300 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के खिलाफ कहर बरपाने वाले भारतीय मूल के जय मूंदड़ा की इस मैच में जमकर धुनाई हुई है। उन्होंने अपने 9 ओवर के स्पेल में 8.70 की इकॉनमी से सबसे ज्यादा 78 रन देकर दो विकेट चटकाए।
बारिश के चलते तीन ओवर की कटौती
अफनिस्तान ने स्कोर बोर्ड पर एक मज़बूत टोटल रखा है। डेथ ओवर्स में अफगानी बल्लेबाज थोड़े भटक गए, लेकिन फिर भी बारिश बाधित मैच में उन्होंने 47 ओवर में 299 रन स्कोर बोर्ड पर लगा दिए। इस मैच में आयरलैंड ने बादलों के बीच बॉलिंग करने का फैसला किया और नई बॉल के बॉलर्स को मदद भी मिली। एडेयर हमेशा की तरह अच्छा कर रहे थे, लेकिन जय मूंदड़ा ने खूब रन लुटाए। अफगानिस्तान को पहला झटका 39 के स्कोर पर रहमानुल्लाह गुरबाज के रूप में लगा। वह 32 रन के निजी स्कोर पर जय मूंदड़ा का पहला शिकार बने।
इब्राहिम जादरान शतक से चूके
इसके बाद इब्राहिम जादरान का साथ देने सेदिकुल्लाह अटल क्रीज पर उतरे। इन दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 114 गेंदों पर 116 रन की साझेदारी हुई। अटल 50 गेंदों पर 45 रन बनाकर आउट हुए। फिर अफगानिस्तान को तीसरा बड़ा झटका 198 के स्कोर पर लगा, जब जादरान 97 गेंदों पर 84 रन बनाकर आउट हुए। वह शतक के करीब पहुंचकर चूक गए।
इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। वहीं, उमरजई ने जबरदस्त बल्लेबाजी की और एक तेज कैमियो खेला। उन्होंने 24 गेंदों पर 33 रन बनाए। इसके बाद शाहिदी ने शांति से बैटिंग की और बाउंड्री लगाने के लिए मौके भी भुनाए। उन्होंने 21 गेंदों में 36 रन की कैमियो पारी खेलकर अफगानिस्तान को 299 के स्कोर तक पहुंचाया।
डेब्यू वनडे इंटरनेशनल में जय मूंदड़ा ने खूब रन लुटाए
आयरलैंड की ओर से मार्क एडेयर और जय मूंदड़ा ने दो विकेट हासिल किए। वहीं, गेविन होए, कर्टिस कैम्फर और हैरी टेक्टर ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। बता दें कि आयरलैंड के लिए वनडे इंटरनेशनल में डेब्यू करने वाले मूंदड़ा सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज रहे।




Scorecard: