लखनऊ के गोमती नगर स्थित गुरुद्वारा सचखंड साहिब में शुक्रवार को सिखों के आठवें गुरु हरकृष्ण साहिब का 370वां प्रकाश पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एक विशेष रात्रि कीर्तन दीवान सजाया गया। इसमें बड़ी संख्या में संगत ने गुरु घर पहुंचकर मत्था टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम होते ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया और पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा। सेवादारों ने संगत की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। गुरु हरकृष्ण साहिब के संदेश के बारे में बताया धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ रहिरास साहिब के पाठ से हुआ। इसके उपरांत हजूरी रागी गुरप्रीत सिंह ने गुरु महिमा का गुणगान करते हुए शबद कीर्तन किया। ग्रंथियों ने गुरु हरकृष्ण साहिब के जीवन, उनकी शिक्षाओं और मानव सेवा के संदेश के बारे में बताया । दीवान के दौरान संगत ने श्रद्धापूर्वक कथा-कीर्तन का श्रवण किया। वक्ताओं ने गुरु हरकृष्ण साहिब के सेवा, विनम्रता और मानव कल्याण के संदेश को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया। उन्होंने श्रद्धालुओं से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। धार्मिक आयोजन का समापन अरदास और हुकमनामा के साथ हुआ, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने गुरु का लंगर प्रसाद ग्रहण किया।


