उत्तर कर्नाटक से राजस्थान की रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने की मांग, हुब्बल्ली-जोधपुर ट्रेन के फेरे बढ़ाने का प्रस्ताव

उत्तर कर्नाटक से राजस्थान की रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने की मांग, हुब्बल्ली-जोधपुर ट्रेन के फेरे बढ़ाने का प्रस्ताव

डिवीजन की उपलब्धियों और प्रमुख पहलों पर प्रकाश
सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर डॉ. कार्तिक वी. हेगडेकट्टी ने एक पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से हुब्बल्ली रेलवे डिवीजन की उपलब्धियों और प्रमुख पहलों पर प्रकाश डाला। सदस्य चंद्रकांत गवास ने विशेष अवसरों पर वास्को डी गामा और वेलंकन्नी के बीच विशेष ट्रेन सेवा शुरू करने की सराहना की और कहा कि इस सेवा से यात्रियों को बहुत लाभ हुआ है।

कई सदस्यों ने रखे प्रस्ताव
बैठक में कर्नाटक चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों, पंजीकृत यात्री संघों, जन प्रतिनिधियों के नामित सदस्यों, व्यापार और वाणिज्य संघों के सदस्यों और विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले डीआरयूसीसी सदस्य एफ.एस. सिद्दानगौडा, किरण दीनानाथ नाइक, उदय रेवणकर, आनंद मुदलगी, बी.वी. सलीमत, वी.जी. हिरेगौडर, अशोक कुमार लिंबावली, गिरिधर सोंथा और डी.आर. राठी समेत अन्य शामिल थे। बैठक में अतिरिक्त डिविजनल रेलवे मैनेजर टी.वी. भूषण और प्रेम चंद्र के साथ-साथ हुब्बल्ली रेलवे डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

हुब्बल्ली-जोधपुर ट्रेन के फेरे बढ़ाने की मांग
डिविजनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी के सदस्य बीरबल एम. विश्नोई ने कर्नाटक से राजस्थान के लिए ट्रेनों के फेरे बढ़ाने, अतिरिक्त कोच लगाने और त्योहारों पर स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग का प्रस्ताव रखा। उन्होंने अपने प्रस्ताव में कहा कि हुब्बल्ली और आसपास के जिलों में राजस्थान मूल के बड़ी संख्या में लोग व्यापार, उद्योग, नौकरी और अन्य व्यवसायों से जुड़े हैं। इनके लिए राजस्थान तक सीधी रेल कनेक्टिविटी लंबे समय से महत्वपूर्ण मांग रही है। विश्नोई ने बताया कि उन्होंने बैठक में हुब्बल्ली-जोधपुर (वाया भीलड़ी-जालोर) स्पेशल ट्रेन संख्या 07359/07360 को वर्षभर नियमित रूप से संचालित करने, हुब्बल्ली-जोधपुर/बीकानेर के बीच नई रेल सेवा शुरू करने, यशवंतपुर-बाड़मेर एक्सप्रेस (14805/14806) का संचालन सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने तथा राजस्थान और गुजरात की ओर जाने वाली ट्रेनों की बढ़ती मांग को देखते हुए अतिरिक्त रेल सेवाएं शुरू करने की मांग रखी।
इसके अलावा हुब्बल्ली-हैदराबाद के बीच शाम को प्रस्थान कर अगले दिन सुबह हैदराबाद पहुंचने वाली सीधी ओवरनाइट ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस समयानुसार कोई सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं होने से व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों एवं अन्य यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

कार्रवाई का आश्वासन
विश्नोई ने बताया कि रेलवे अधिकारियों ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि यशवंतपुर-बाड़मेर एक्सप्रेस के संचालन को सप्ताह में दो दिन करने के प्रस्ताव पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, हुब्बल्ली -हैदराबाद के बीच रात्रिकालीन ट्रेन सेवा शुरू करने के प्रस्ताव पर भी आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का भरोसा दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *