शिवपुरी जिले के दिनारा कस्बे में शुक्रवार को हाई कोर्ट के आदेश पर प्रशासनिक कार्रवाई की गई। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने रेस्ट हाउस की शासकीय भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान एक मकान का हिस्सा और एक शटर तोड़कर करीब छह फीट भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई। यह मामला पूर्व कोलारस विधायक कामता प्रसाद खटीक के परिवार से जुड़ा है। देवेंद्र खटीक और उनके बड़े भाई के परिवार के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान रेस्ट हाउस की शासकीय भूमि पर छह फीट अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। न्यायालय ने सुनवाई के बाद प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। हाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन में नायब तहसीलदार लज्जाराम राजोरिया, दिनारा थाना प्रभारी रविंद्र सिंह कुशवाहा सहित राजस्व और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद देवेंद्र खटीक ने प्रशासन पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें मकान खाली करने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया। खटीक ने कहा कि भाजपा की सेवा करने के बावजूद उन्हें घर का सामान निकालने का अवसर नहीं मिला और मकान का हिस्सा तोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान परिवार के सदस्य भावुक हो गए। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह पूरी कार्रवाई हाई कोर्ट के आदेश के पालन में की गई है। अधिकारियों के अनुसार, न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप ही शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया गया है।

