इज़रायली सेना का बड़ा दावा, फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के कमांडर महमूद फताइर को किया ढेर

इज़रायली सेना का बड़ा दावा, फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के कमांडर महमूद फताइर को किया ढेर

गाज़ा (Gaza) में इज़रायल (Israel) के हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। इज़रायल की सैन्य कार्रवाई जारी है और इसके साथ ही गाज़ा में जान-माल के नुकसान का सिलसिला भी बरकरार है। लगातार गाज़ा में इज़रायली सेना के हमले देखने को मिल रहे हैं। इज़रायली सेना सिर्फ मिसाइलों, ड्रोन्स और तोपों से ही नहीं, बल्कि गोलीबारी से भी गाजवासियों को निशाना बना रही है। इज़रायली सेना के हमलों में निर्दोष लोग तो मारे जा ही रहे हैं, लेकिन आतंकियों को भी ढेर किया जा रहा है। अब इज़रायली सेना ने एक खूंखार आतंकी को मार गिराने का दावा किया है।

फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद का कमांडर ढेर

इज़रायली सेना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए जानकारी दी कि गाज़ा में हमले में आतंकी संगठन फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद – पीआईजे (Palestinian Islamic Jihad – PIJ) के कमांडर और खूंखार आतंकी महमूद फताइर (Mahmoud Fatair) की मौत हो गई है। महमूद फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद की सेंट्रल गाज़ा ब्रिगेड का नुखबा कमांडर था। महमूद 7 अक्टूबर को इज़रायल में घुस आया था और उसने फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद आतंकी संगठन की हिरासत में रोम ब्रास्लाव्स्की को बंधक बनाए रखने में भूमिका निभाई थी। इसके साथ ही कई बंधकों को सौंपने के समारोह के दौरान उसे फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद संगठन की वर्दी पहने हुए भी देखा गया था।

इज़रायली सैनिकों और नागरिकों पर हमले की बना रहा था योजना

इज़रायली सेना ने जानकारी दी कि गाज़ा के दीर अल-बलाह (Deir al-Balah) में एक हवाई हमले में फताइर मारा गया। इज़रायली सेना के अनुसार फताइर इज़रायली सैनिकों और नागरिकों पर हमले की योजना बना रहा था। ऐसे में लगातार बने हुए खतरे को खत्म करने के लिए इज़रायली सेना ने उसे मार गिराया गया।

क्या हमास डालेगा हथियार?

फिलिस्तीनी आतंकी संगठन (Hamas) द्वारा 7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इज़रायल पर किए गए घातक हमले के बाद इजरायली सेना ने गाज़ा में सैन्य अभियान शुरू किया। इसका प्रमुख लक्ष्य हमास का पूर्ण निरस्त्रीकरण है। इज़रायल का मानना है कि हमास की सैन्य क्षमता को खत्म किए बिना उनके देश की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकती। कुछ दिन पहले हमास ने अमेरिका (United States of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की गाज़ा शांति योजना के तहत निरस्त्रीकरण पर सहमति जताई है। बोर्ड ऑफ पीस की घोषणा के अनुसार हमास और अन्य सशस्त्र गुट पूर्ण निरस्त्रीकरण के लिए सहमत हो गए हैं। समझौते में हथियारों को चरणबद्ध तरीके से फिलिस्तीनी तकनीकी समिति (नेशनल कमेटी फॉर एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ गाज़ा) को सौंपना शामिल है। पहले पुलिस हथियार, फिर भारी हथियार, सुरंगें, गोदाम और उत्पादन स्थल जमा किए जाएंगे। अंतर्राष्ट्रीय स्थिरता बल इसकी निगरानी करेगा। इसके बदले इज़रायली सेना धीरे-धीरे गाज़ा से वापस हटेगी। हमास ने कहा कि यह प्रक्रिया इज़रायल द्वारा हमले रोकने और वापसी पर निर्भर है। हालांकि इज़रायल ने संदेह व्यक्त किया है और हमास के पूर्ण निरस्त्रीकरण से पहले सेना वापस नहीं हटाने का इरादा जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *