एमपी में मानसून के पहले ‘स्वास्थ्य विभाग’ का अलर्ट, जारी हुई एडवायजरी

एमपी में मानसून के पहले ‘स्वास्थ्य विभाग’ का अलर्ट, जारी हुई एडवायजरी

Health Department alert: एमपी में मानसून के आगमन के साथ ही मौसमी और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढऩे लगता है। इसे देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी सिंह ने जिलेवासियों से विशेष सतर्कता बरतने और समय रहते बचाव के उपाय अपनाने की बात कही है। वर्षा ऋतु में उल्टी-दस्त, मलेरिया, पीलिया सहित अन्य संक्रामक रोग तेजी से फैल सकते हैं, इसलिए नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

मुख्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सिंह ने बताया कि मौसम में बदलाव शुरू होना शुरू हो गया है और मानसून भी एक सप्ताह में आना संभावित है। मानसून के दौरान दूषित भोजन और पानी, अस्वच्छता, वायरस एवं बैक्टीरिया जनित संक्रमण तथा अधपके भोजन का सेवन दस्त जैसी बीमारियों के प्रमुख कारण हैं।

दस्त की स्थिति में बार-बार शौच जाना, मल का पतला या तरल होना सामान्य लक्षण हैं। यदि यह समस्या दो से तीन दिन से अधिक रहती है या स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता है, तो तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है। नागरिकों से प्रारंभिक सलाह के लिए 104 आरोग्य सेवा केंद्र की नि:शुल्क सुविधा का लाभ लेने तथा आवश्यकता पडऩे पर नजदीकी चिकित्सालय या स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करने की अपील की। डॉ सिंह ने कहा कि समय पर उपचार नहीं मिलने पर ये बीमारियां गंभीर और कई बार जानलेवा भी साबित हो सकती हैं।

बचने की दी सलाह

दस्त होने की स्थिति में ओआरएस का सेवन करने के साथसाथ नारियल पानी, नमकीन लस्सी, नींबू शिकंजी, चावल का मांड, हल्की चाय और दाल का पानी लगातार लेते रहने की सलाह दी गई है। ये पेय पदार्थ शरीर में पानी की कमी को दूर रखने में सहायक होते हैं।

बचाव ही बड़ा उपचार

मानूसन के शुरूआत होने के पहले सचेत करते हुए कहा कि खाने-पीने की वस्तुओं और पेयजल को हमेशा ढककर रखने, बासी भोजन एवं सड़े- गले फलों के सेवन से बचने और केवल ताजा भोजन करने की सलाह दी है। पीने के पानी को उबालकर या क्लोरीन की गोली डालकर उपयोग करने व भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने पर भी विशेष जोर दिया है।

इस दिन आएगा मानसून

मध्य प्रदेश में मानसून की आमद अब 14 जून से मानी जा रही है। यहां 14-16 जून के बीच मानसून की एंट्री कर सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान समय में मानसून समय से कुछ पीछे हो चला है। वहीं मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की एंट्री 15 जून के बाद ही संभव होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *