Effective Ways To Make Rotis Stay Soft: सुबह बनाई गई रोटियां अक्सर लंच ब्रेक तक सख्त और सूखी हो जाती हैं, जिससे खाने का मजा खराब हो जाता है। खासकर ऑफिस या बच्चों के टिफिन में रोटी पैक करते समय यह समस्या ज्यादा होती है। अगर आप भी चाहते हैं कि आपकी रोटियां घंटों बाद भी मुलायम, ताजी और स्वादिष्ट बनी रहें, तो रोटी सेंकने से लेकर पैक करने तक के कुछ आसान Kitchen Hacks आपकी मदद कर सकते हैं। यहां जानिए रोटी को लंबे समय तक Soft और Fresh रखने के 5 असरदार तरीके।
रोटी को सही तरीके से सेंकना क्यों जरूरी है
रोटी कितनी देर मुलायम रहेगी, यह रोटी के सेकने के तरीके पर भी निर्भर करता है। अगर आप कम गर्म तवे पर रोटी को देर तक सेकते हैं, तो इससे रोटी रबड़ जैसी खिंची-खिंची हो जाती है, जो तुरंत खाने पर तो थोड़ा ठीक लगती है, लेकिन टिफिन में रखने के बाद यह और ज्यादा खराब हो जाती है। इसलिए हमेशा तवा नॉर्मल गर्म करने के बाद ही रोटी को डालें और इसके बाद रोटी को बस इतना सेकें कि वह अच्छी तरह पक जाए और उस पर हल्के निशान आ जाएं, लेकिन उसे बहुत ज्यादा कड़क न करें। इसके साथ ही रोटियां बहुत पतली या मोटी भी न बेलें।
घी या बटर लगाने से रोटी कैसे रहती है Soft
अगर आप चाहते हैं कि ठंडी होने के बाद भी आपकी रोटी लंबे समय तक मुलायम बनी रहे, तो इसे तवे से उतारने के बाद तुरंत थोड़ा घी, मक्खन या हल्का सा तेल लगा दें। ऐसा करने से रोटी में नमी बनी रहती है और यह उसे जल्दी सूखने से बचाता है।
रोटी को ढककर रखने का सही तरीका
लंबे समय तक रोटी को मुलायम बनाए रखने के लिए कभी भी खुला न छोड़ें। तवे से उतरते ही उसे किसी साफ सूती कपड़े में लपेटकर रखें या किसी कैसरोल में रखें। इसके अलावा, गर्म रोटी को सीधे लंचबॉक्स में पैक करने के बदले हल्का ठंडा होने के बाद बटर पेपर या पेपर फॉयल में रैप करके रखें।
टिफिन में रोटी पैक करते समय किन बातों का रखें ध्यान
रोटी को लंबे समय तक मुलायम रखने के लिए इसे कसकर या मोड़कर लंच बॉक्स में न भरें। हमेशा रोटी को सब्जी से अलग रखें। इसके लिए चेक करें कि कहीं लंच बॉक्स बंद करने के बाद सब्जी की ग्रेवी रोटी में तो नहीं लग रही है। इसके साथ ही इसे बटर पेपर या पेपर फॉयल में लपेटकर रखें।
सब्जी कैसी है इस बात का ध्यान रखना भी जरूरी है
अगर सब्जी एकदम सूखी है, तो यह सोचकर कि आप रोटी और सब्जी एक ही लंच बॉक्स में ले जा रहे हैं, जिसमें रोटी-सब्जी अलग-अलग नहीं है या लंच बॉक्स लीक-प्रूफ नहीं है, तो ऐसा करने से बचें। दरअसल, रोटी के साथ बहुत सूखी सब्जी रखेंगे, तो वह रोटी की नमी को सोख लेगी। इसलिए हमेशा लीक-प्रूफ, अलग-अलग कंपार्टमेंट वाले लंच बॉक्स का उपयोग करें या कोशिश करें कि सब्जी थोड़ी हल्की ग्रेवी वाली ही साथ में रखें। इसके साथ ही अगर आप सब्जी-रोटी का रोल बनाकर ले जाना पसंद करते हैं, तो दोनों को अलग-अलग ले जाएं और खाने के समय ही रोल बनाएं।


