NCP प्रमुख Sharad Pawar का BJP पर हमला, कहा- PM Modi की Nehru से कोई बराबरी नहीं

NCP प्रमुख Sharad Pawar का BJP पर हमला, कहा- PM Modi की Nehru से कोई बराबरी नहीं

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप)के अध्यक्ष शरद पवार ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तुलना जवाहरलाल नेहरू से किए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री के त्याग और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नहीं भूल सकते।
पवार ने राकांपा(शप)के27वें स्थापना दिवसकार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं और ऐसी छवि बनाई गई है कि उनके जैसा कोई नेता नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्र निर्माण और स्वतंत्रता संग्राम में नेहरू के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता और उसका सम्मान किया जाना चाहिए।’’

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘उनकी तुलना किसी और से नहीं की जा सकती। महात्मा गांधी के नेतृत्व में आजादी की लड़ाई के दौरान नेहरू ने कई साल जेल में बिताए।’’
पवार ने मोदी के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘यह अच्छी बात है। संसदीय लोकतंत्र में प्रधानमंत्री का पद संवैधानिक होता है और हमें उसका सम्मान करना चाहिए। लेकिन नेहरू तो नेहरू हैं और भारतीय उनके त्याग को नहीं भूल सकते।’’
महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा नेता गिरीश महाजन ने आरोप लगाया था कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने सिखों पर अत्याचार किया।
पवार ने महाजन के इस बयान की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा बयान स्वीकार्य नहीं है।

ऑपरेशन ब्लू स्टार इंदिरा गांधी का एक बलिदान था। सिखों ने देश की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा के लिए सीमाओं पर काम किया है। कुछ लोगों ने अलग रास्ता चुना। कुछ घटनाएं हुईं जिन्हें भुलाया नहीं जा सकता। इंदिरा गांधी ने देश की प्रतिष्ठा और सुरक्षा से कभी समझौता नहीं किया।’’
महाजन ने ऑपरेशन ब्लू स्टार को ‘काला दिवस’ करार देकर और 1984 की सेना की कार्रवाई की तुलना अफ़गान शासक अहमद शाह अब्दाली के हमले से करके राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है।

विपक्षी दलों ने महाजन के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है।
भाजपा नेता ने ऑपरेशन ब्लू स्टार को सिख समुदाय के पवित्र स्थल पर ‘सैन्य हमला’ करार देते हुए आरोप लगाया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने जबरन सेना को पंजाब और उस पवित्र परिसर के भीतर भेजा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *