सुलतानपुर में विटामिन ‘ए’ अभियान शुरू:मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने किया शुभारंभ, 2.70 लाख बच्चों को मिलेगा लाभ

सुलतानपुर में विटामिन ‘ए’ अभियान शुरू:मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने किया शुभारंभ, 2.70 लाख बच्चों को मिलेगा लाभ

सुलतानपुर में बच्चों को कुपोषण और विभिन्न बीमारियों से बचाने के लिए विटामिन ‘ए’ सम्पूर्ण अभियान के पहले चरण की शुरुआत हो गई है। बुधवार, 10 जून को असरोगा पंचायत भवन (ब्लॉक कुड़वार) में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. भारत भूषण ने बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक पिलाकर इस महत्वपूर्ण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। सीएमओ डॉ. भारत भूषण ने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद के 9 माह से लेकर 5 वर्ष तक के कुल 2,70,047 बच्चों को कवर किया जाएगा। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले विशेष टीकाकरण सत्रों के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता इन बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक निःशुल्क पिलाएंगे। डॉ. भारत भूषण ने विटामिन ‘ए’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पोषक तत्व बच्चों की आंखों की रोशनी, उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता और शारीरिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसकी कमी से बच्चों में संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या निर्धारित सत्र स्थल पर ले जाकर विटामिन ‘ए’ की खुराक अवश्य दिलाएं। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि विटामिन ‘ए’ अभियान के साथ-साथ बच्चों में खून की कमी (एनीमिया) की रोकथाम के लिए आयरन फोलिक एसिड सीरप का वितरण भी किया जाएगा। अभियान के शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इनमें डॉ. संजय गुप्ता (जिला प्रतिरक्षण अधिकारी), डॉ. वेदान्त यादव (अधीक्षक), संतोष कुमार यादव (जिला कार्यक्रम प्रबन्धक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन), अनिल कुमार (डीसीपीएम), डॉ. अमित रंजन झा (एसएमओ, डब्ल्यूएचओ), अनुराग यादव (जेएसआई), विमल सिंह (पीसीआई) और मो. सईद (एचईओ) प्रमुख थे। इनके अलावा अन्य विभागीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी बच्चे व उनके अभिभावक भी उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *