एफसीआई आगार धौलपुर में गेहूं लोडिंग व्यवस्था को लेकर ठेकेदारों और ट्रक ड्राइवरों ने विरोध जताया है। उनका आरोप है कि गेहूं की बोरियों की लोडिंग निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार नहीं की जा रही है, जिससे परिवहन के दौरान दुर्घटना और माल के नुकसान की आशंका बढ़ गई है। ठेकेदार प्रवीण ने बताया कि कई बार ट्रकों के भीतर पर्याप्त जगह उपलब्ध होने के बावजूद, गेहूं की बोरियां ट्रक के ऊपरी हिस्से (डाले) पर रख दी जाती हैं। अंदर का हिस्सा पूरी तरह नहीं भरा जाता, जिससे रास्ते में बोरियों के गिरने और दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। बारिश में भीगने का डर
उन्होंने यह भी बताया कि मौसम विभाग द्वारा लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया जा रहा है। ऐसे में खुले हिस्से में रखी गई बोरियां बारिश में भीगकर खराब हो सकती हैं। वहीं, परिवहन के दौरान यदि कोई बोरी गिरती है तो उसकी जिम्मेदारी ट्रक ड्राइवर पर डाली जाती है, जिससे ड्राइवरों में भी असंतोष है। ठेकेदारों और ड्राइवरों ने मांग की है कि गेहूं की बोरियों की लोडिंग ट्रकों के भीतर सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से की जाए। उनका कहना है कि लोडिंग कार्य में बरती जा रही लापरवाही से पूरी परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है और माल की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। इससे परिवहन के दौरान किसी प्रकार के नुकसान या विवाद की स्थिति से बचा जा सकेगा।


