दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में मंगलवार देर रात पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। दिल्ली पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने गोविंदपुरी थाने के घोषित बदमाश सोनू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सोनू के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
लेडी श्रीराम कॉलेज के पीछे पुलिस ने बिछाया था जाल
दिल्ली पुलिस के अनुसार, एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी सोनू मंगलवार रात मूलचंद मेट्रो स्टेशन इलाके में आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने लेडी श्रीराम कॉलेज के पीछे स्थित गली के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।
पुलिस को देखते ही की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, कुछ देर बाद सोनू मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा। जैसे ही पुलिस टीम ने उसे रुकने और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।
आरोपी की ओर से गोली चलाए जाने के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान कांस्टेबल अक्षय ने दो राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली सोनू के दाहिने पैर में लगी।
गोली लगने के बाद वह गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की कार्रवाई में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सोनू पर दर्ज हैं 17 संगीन मामले
दिल्ली पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सोनू गोविंदपुरी थाने का घोषित ‘बैड कैरेक्टर’ है। उसके खिलाफ चोरी, सेंधमारी, डकैती समेत कुल 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से वह पुलिस के रडार पर था।
पुलिस ने उसके कब्जे से बरामद सामान और हथियारों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी नई वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था या नहीं। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।


