त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए पुनरीक्षण के बाद तैयार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन बुधवार 10 जून को किया जाएगा। अंतिम सूची में 29 लाख 63 हजार 142 मतदाता हैं। इनमें बेलघाट ब्लाक में सबसे अधिक 1 लाख 80 हजार तो पाली में सबसे कम 1 लाख 3 हजार वोटर हैं। अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद भी नया मतदाता बनने का मौका रहेगा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की सूची में पुनरीक्षण के दौरान 6 लाख 3 हजार वोटरों के नाम जुड़े थे जबकि 5 लाख 64 हजार लोगों के नाम काटने पड़े। नए मतदाता के रूप में उन युवाओं को भी शामिल किया गया है, जिन्होंने 1 जनवरी 2026 को 18 साल की उम्र पूरी की है। 3 बार हुआ संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान 3 बार संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का सूची तैयार की गई और उसका सत्यापन किया गया। नाम, पिता के नाम, आयु और लिंग के आधार पर संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची तैयार कर घर-घर सत्यापन कराया गया। पहले चरण में 12.37 लाख संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की जांच की गई, जिसमें करीब 1.26 लाख नाम डुप्लीकेट पाए जाने पर हटाए गए। इसके बाद दूसरे चरण में 11.33 लाख मतदाताओं का पुनः सत्यापन कराया गया, जिसमें 26,941 नाम और सूची से हटाए गए।
इससे पहले ब्लाक स्तर पर भी 5.37 लाख संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की जांच की गई थी, जिसमें लगभग 1.51 लाख नाम निरस्त किए गए। वहीं डोर-टू-डोर सत्यापन अभियान के दौरान 2.42 लाख तथा दावा-आपत्ति प्रक्रिया में 16,945 मतदाताओं के नाम हटाए गए। दूसरी ओर घर-घर सत्यापन में 4.58 लाख और दावा-आपत्तियों के माध्यम से 1.45 लाख नए मतदाता सूची में शामिल किए गए। अधिकारियों के अनुसार अंतिम सूची के प्रकाशन के बाद भी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और अवसर मिल सकता है। इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अलग से दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। पंचायत चुनाव की दृष्टि से यह पुनरीक्षित सूची जिले के चुनावी गणित और राजनीतिक रणनीतियों का आधार बनेगी। यह रही ब्लाकवार मतदाताओं की स्थिति ब्लाक – वोटर
भटहट – 171912
उरुवा – 156906
ब्रह्मपुर – 173893
जंगल कौड़िया – 111125
पिपराइच – 143856
गगहा – 160987
पाली – 103036
कैंपियरगंज – 176972
चरगावां – 146799
गोला – 124973
बड़हलगंज – 158643
खोराबार – 132920
बेलघाट – 180503
सरदारनगर – 141410
सहजनवा – 131926
पिपरौली – 177020
खजनी – 175067
बांसगांव – 140419
कौड़ीराम – 150573
भरोहिया – 104202
कुल – 2963142


