रेवाड़ी भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं परिवार पहचान पत्र प्राधिकरण के प्रदेश समन्वयक सतीश खोला इन दिनों सोशल मीडियो पर वायरल हो रहे हैं। मोटे अक्षरों में सतीश खोला का नाम लिखा एक डंपर सड़कों पर घूम रहा है। जिसे लेकर सोशल मीडिया पर लोग अलग अलग प्रकार के सवाल पूछ रहे हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद सतीश खोला ने केवल इससे अपना पल्ला झाड़ा है, बल्कि एसपी को शिकायत कर उनके नाम का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डंपर से उनका कोई संबंध नहीं भाजपा नेता सतीश खोला ने कहा कि उनके नाम लिखे डंपर से उनका कोई संबंध नहीं है। उनका ट्रांसपोर्ट का भी कोई कारोबार नहीं है। कुछ लोग जानबूझकर उनके नाम का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री फैला रहे हैं। जिससे न केवल उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर की जा रही अलग-अलग प्रकार की टिप्पणियों से उन्हें मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। एसपी से गंभीरता से जांच की मांग डॉ. सतीश खोला ने रेवाड़ी एसपी को दी शिकायत में मांग की है कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की सामग्री प्रसारित करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ साइबर अपराध और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उनके नाम का दुरुपयोग कर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार को तत्काल रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर सच्चाई को उजागर करेगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होगी।


