Ahmedabad: छत पर सो रही पत्नी की चाकू से वार कर हत्या, पति को पकड़ा

Ahmedabad: छत पर सो रही पत्नी की चाकू से वार कर हत्या, पति को पकड़ा

Ahmedabad. शहर के सरखेज थाना क्षेत्र में एक एस्टेट की छत पर सोमवार तड़के सो रही पत्नी की पति ने ही चाकू से वार कर हत्या कर दी। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर कुछ दूरी पर सो रहा पीडि़ता का ससुर जाग गया। वह पीडि़ता के पास पहुंचे उससे पहले ही आरोपी पति छत से कूदकर फरार हो गया। जख्मी हालत में उसे उपचार के लिए असारवा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसने कुछ समय के बाद दम तोड़ दिया।

मृतका के पिता ने इस संबंध में सरखेज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मृतका राजस्थान के बांसवाड़ा जिले की मूल निवासी थी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। सरखेज पुलिस के तहत यह घटना सोमवार तड़के करीब चार बजे उजाला चार रास्ते के पास पटेल ट्रांसपोर्ट की गली में भारत एस्टेट की छत पर हुई। इस संबंध में सोमवार की रात को राजस्थान के बांसवाड़ा जिले की कुशलगढ़ तहसील के सुरवन गांव निवासी पप्पू पारगी (35) ने बांसवाड़ा जिले के सातलिया गांव निवासी उनके दामाद मेहुल मुनिया के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया है।

एफआइआर के तहत पप्पू पारगी की बेटी रसिता मुनिया (20), उसके पति मेहुल मुनिया के साथ उजाला चार रास्ते के पास स्थित एक एस्टेट की छत पर रविवार रात को सो रही थी। सोमवार तड़के करीब चार बजे मेहुल ने रसिता के सोते समय उसके गले पर तीक्ष्ण हथियार से वार कर दिया। रसिता के चिल्लाने की आवाज सुनकर छत पर ही कुछ दूरी पर सो रहे उसके ससुर लालचंद उसके पास पहुंचे। इस बीच मेहुल छत से कूदकर फरार हो गया। उन्होंने देखा कि रसिता के गले से खून बह रहा है, जिससे उन्होंने तत्काल रसिता को उपचार के लिए असारवा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान उसने सोमवार को दम तोड़ दिया।

तीन महीने पहले ही हुआ था विवाह

एफआइआर के तहत तीन महीने पहले ही रसिता और मेहुल का समाज की रीति-रिवाज के तहत विवाह हुआ था। एक जून को ही रसिता उसके पति मेहुल, ससुर लालचंद के साथ कडियाकाम की मजदूरी के लिए अहमदाबाद आइ थी। वह यहां उजाला सर्कल के पास पति के साथ काम करती थी और रहती थी।

ससुर ने समधी को दी घटना की सूचना

एफआइआर के तहत मृतका के पिता पप्पू को इस घटना की सूचना रसिता के ससुर लालचंद ने सोमवार की सुबह नौ बजे के करीब दी। कहा कि मेहुल ने रसिता के गले में चाकू मार दिया है वह सिविल में भर्ती है। कारण का पता नहीं चल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *