BJP leader CT Ravi Statement: कर्नाटक की राजनीति में बयानबाजी एक बार फिर से तेज हो गई है। गृह मंत्री प्रियांक खरगे ने पद संभालते ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरएसएस के रजिस्ट्रेशन, टैक्स छूट और वित्तीय पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए। जिसके बाद बीजेपी (BJP) नेता सीटी रवि ने गृह मंत्री प्रियांक खरगे पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘गुंडों की तरह व्यवहार न करने’ की सलाह दी।
गुंडे की तरह काम मत करो – सीटी रवि
बेंगलुरु में बीजेपी एमएलसी सीटी रवि ने प्रियांक खरगे को अपनी मर्यादा में रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री का काम राज्य की कानून व्यवस्था को संभालना है, न कि राजनीतिक बयानबाजी करना। सीटी रवि ने प्रियांक खरगे को निशाने पर लेते हुए कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए कि जिनके पास कोई काम नहीं होता, वे छोटी-मोटी और बेकार की गतिविधियों में लगे रहें। आपका काम गृह मंत्री का कार्यालय चलाना है। गृह मंत्री की तरह व्यवहार करें। गुंडे की तरह व्यवहार न करें, आप गुंडे नहीं हैं।
प्रियांक खरगे को सत्ता के घमंड से दूर रहने की दी सलाह
बीजेपी नेता रवि ने प्रियांक खरगे को सत्ता के घमंड से दूर रहने की सलाह भी दी। उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीतिक हिंसा का जिक्र करते हुए गृह मंत्री को आगाह किया कि जनता और विपक्ष को दबाने की कोशिश भारी पड़ सकती है। सीटी रवि ने कहा, ‘अगर सत्ता का गलत इस्तेमाल हुआ, तो पश्चिम बंगाल में जो हुआ, वही यहां भी दोहराया जाएगा। यह डर मन में रहना चाहिए और आपके कामों का मार्गदर्शन करना चाहिए।’ उन्होंने आगे कहा, ‘बम बनाने वाले देशद्रोहियों को पकड़ो, देशभक्त RSS पर उंगली मत उठाओ’
कर्नाटक की कानून व्यवस्था पर BJP का हमला
सीटी रवि ने राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था का मुद्दा को भी उठाया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री को उन देशविरोधी ताकतों पर ध्यान देना चाहिए जो कर्नाटक में बम बनाने की साजिश रच रहे हैं। इसके अलावा सीटी रवि ने प्रियांक खरगे को इन गंभीर मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
- बांग्लादेश से होने वाली कथित अवैध घुसपैठ
- राज्य में तेजी से फैल रहा ड्रग्स और नशीले पदार्थों का काला कारोबार
- दिनदहाड़े होने वाली डकैतियां और चोरी की वारदातें
- कर्नाटक से महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के लापता होने के गंभीर मामले
नेहरू और इंदिरा भी नहीं झुका पाए- सीटी रवि
सीटी रवि ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने भी RSS को कुचलने की बात कही थी। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने तो इमरजेंसी के दौरान इस पर बैन भी लगा दिया था, लेकिन RSS आज भी मजबूती से खड़ा है। रवि ने कहा उनके पिता पर तंज कसते हुए कि उनके पिता भी गृह मंत्री रह चुके हैं लेकिन वे भी कुछ नहीं कर पाए थे, तो ये क्या करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि आप तानाशाह नहीं हैं। आप सिर्फ दो-तीन राज्यों में सत्ता में हैं, और वह भी ज्यादा दिन नहीं चलेगा। राज्य में कांग्रेस सत्ता में नहीं आएगी।


