जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के खो नागोरियान क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में हुई दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। शर्मा ने कहा कि इस दुर्घटना में जनहानि का समाचार दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति, परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
यह वीडियो भी देखें
उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों को पूरी तत्परता से संचालित करने तथा घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। राज्य के कृषि एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने भी आपदा प्रबंधन अधिकारियों से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों को त्वरित और प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डॉ. मीणा ने कहा कि इस हादसे में तीन लोगों की मृत्यु तथा कई लोगों के गंभीर रूप से झुलसने का समाचार अत्यंत हृदयविदारक और पीड़ादायक है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जताया दुख
उन्होंने कहा कि इस दुखद हादसे में दिवंगतों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति, प्रभावित परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि जयपुर के खो नागोरियान क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की भीषण घटना में कई लोगों की मृत्यु की सूचना अत्यंत दुखद है।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करें तथा दिवंगत आत्माओं को शांति दें। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की। गौरतलब है कि जयपुर के खो नागोरियान इलाके में मंगलवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि झुलसे हुए पांच लोगों को गंभीर अवस्था में एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके पर पहुंचे थे जयपुर कलक्टर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही जयपुर कलक्टर संदेश नायक तथा प्रशासन और पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से झुलसे लोगों को सवाई मान सिंह अस्पताल एवं अन्य अस्पतालों में पहुंचाया गया। एक मकान में संचालित इस फैक्ट्री में अचानक आग लगने के बाद पटाखों में धमाके होने लगे और देखते ही देखते आग पूरी फैक्ट्री में फैल गई। कई दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस और स्थानीय युवाओं ने फैक्ट्री के पिछले हिस्से की दीवारें तोड़कर वेंटिलेशन बनाया और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।


