कोरबा में घर के बाहर खड़ी थार में लगी आग:पूरी गाड़ी जलकर खाक,सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी

कोरबा में घर के बाहर खड़ी थार में लगी आग:पूरी गाड़ी जलकर खाक,सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी

कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ीबहार में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात अज्ञात लोगों ने घर के बाहर खड़ी एक नई थार गाड़ी में आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। घटना शारदा विद्या निकेतन स्कूल के पास देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुई। सफेद रंग की नई थार घर के बाहर खड़ी थी, तभी अज्ञात व्यक्तियों ने उसमें आग लगा दी। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की लपटें देख घरों से बाहर निकले लोग वाहन में लगी भीषण आग देखकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 और सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के साथ दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक थार पूरी तरह जल चुकी थी। राहत की बात यह रही कि आग आसपास के मकानों तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया। नई थी गाड़ी, लाखों का नुकसान जानकारी के अनुसार, जली हुई थार वाहन के मालिक का नाम आदित्य कुमार बताया गया है। वाहन नया होने के कारण आगजनी से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। रंजिश या शरारत, सभी पहलुओं की जांच आशंका है कि आगजनी की यह घटना किसी पुरानी रंजिश या शरारती तत्वों की करतूत हो सकती है। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। गश्त बढ़ाने की मांग स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है तथा जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *