पठानकोट के सिंबल चौक में एक बुजुर्ग दंपती के घर पर पड़ोसियों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दंपती का अपने पड़ोसियों के साथ गली में गेट लगाने को लेकर विवाद चल रहा था, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस थाने में भी दर्ज कराई है। बुजुर्ग दंपती रघुबीर सिंह पठानिया और ज्योति पठानिया ने बताया कि बीती रात उनके पड़ोसियों ने गेट लगाने के लिए पिलर बनाना शुरू कर दिया। जब दंपती ने इसका विरोध किया, तो पड़ोसियों के बेटे ने उनके घर पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। दंपती ने पुलिस से की सुरक्षा की मांग यह पूरी घटना उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित दंपती ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है और पड़ोसियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी उनके पड़ोसियों की होगी।


