10 रुपये के विवाद में 25 बदमाशों का हंगामा: होटल मालिक पर लाठी-डंडों से हमला, 77 हजार लूटे, CCTV फुटेज वायरल

10 रुपये के विवाद में 25 बदमाशों का हंगामा: होटल मालिक पर लाठी-डंडों से हमला, 77 हजार लूटे, CCTV फुटेज वायरल

बिहार के बेगूसराय में 10 रुपये के विवाद को लेकर 25 बदमाशों ने एक होटल मालिक और उसके कर्मचारी पर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना लाखो थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इधर, घायल होटल मालिक राजेश का इलाज बेगूसराय के सदर अस्पताल में चल रहा है।

10 रुपये के विवाद में जमकर मारपीट

वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि 20 से 25 की संख्या में आए बदमाशों ने होटल में घुसकर पहले मालिक से हाथापाई की और फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बेगूसराय में कोल्ड ड्रिंक के 10 रुपये के विवाद को लेकर 20 से 25 बदमाशों ने होटल में घुसकर होटल मालिक और कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की। यह घटना 6 जून की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।

छोटे विवाद में बड़ा बवाल, होटल मालिक घायल

पुलिस के अनुसार, मोहम्मद जमशेद अपने दो साथियों के साथ लाखों थाना क्षेत्र के खटोपुर स्थित गुप्ता मिष्ठान भंडार होटल में कोल्ड ड्रिंक लेने पहुंचा था। होटल मालिक ने जब कोल्ड ड्रिंक की कीमत 85 रुपये बताई तो वह नाराज हो गया और 75 रुपये में देने की मांग करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

इसके बाद आरोप है कि मोहम्मद जमशेद ने अपने 20–25 साथियों को होटल के पास बुला लिया और सभी ने मिलकर होटल में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में होटल मालिक राजेश कुमार और उनके दो सहयोगी घायल हो गए, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। होटल मालिक ने मोहम्मद जमशेद पर मारपीट के दौरान 77 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

सोशल मीडिया पर सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है, जो लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *