BAP MLA Kamleshwar Dodiyar – एमपी में राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए चुनाव बेहद रोचक स्थिति में पहुंच गया है। भाजपा के तीसरा उम्मीदवार महेश केवट को उतारने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। अब महेश और कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन के बीच मुकाबला होगा। दोनों ही दलों के प्रत्याशियों ने सोमवार को अपना नामांकन भरा। दो सीटें भाजपा के खाते में जाएंगी। तीसरी सीट पर क्रॉस वोटिंग के खतरे से कांग्रेस में खलबली है। हालांकि दोनों ही दलों के नेता अपने अपने प्रत्याशियोें की जीत का दावा कर रहे हैं। कांग्रेसी कह रहे हैं कि हम एकजुट हैं जबकि बीजेपी ने सभी विधायकों से समर्थन मांगने की बात कही। इस बीच प्रदेश के एक BAP विधायक कमलेश्वर डोडियार से संपर्क नहीं हो पा रहा है। उनके दोनों मोबाइल नंबर भी बंद बताए जा रहे हैं।
महेश केवट के नामांकन के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव उनकी जीत के प्रति आश्वस्त
राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाए गए महेश केवट के नामांकन के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव उनकी जीत के प्रति आश्वस्त दिखे। अन्य नेताओं ने भी कहा कि हम उन्हें जिताएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम तीसरी सीट भी जीतेंगे, हमें ऐसा पूर्ण विश्वास है। क्या बीजेपी और क्या कांग्रेस, हमारा कैंडिडेट सबसे मतदान की अपील करेगा।
भाजपा जान ले कि कांग्रेस के सभी विधायक हैं एकजुट
कांग्रेस की प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने भी अपना पर्चा भरा। इस दौरान कांग्रेसियों ने एकजुटता का संदेश दिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी द्वारा उम्मीदवार उतारने पर कहा कि यह खरीद-फरोख्त और दबाव की राजनीति करने की कोशिश की है। भाजपा जान ले कि कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट हैं।
बीजेपी के उम्मीदवार महेश केवट को वोट देने का भरोसा
पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर बीना से जीतीं विधायक निर्मला सप्रे सीएम हाउस पहुंचीं। सूत्रों के मुताबिक सीएम से सप्रे ने मुलाकात की। उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार महेश केवट को वोट देने का भरोसा दिया।
विधायक कमलेश्वर डोडियार संपर्क से बाहर
बीजेपी द्वारा तीसरी सीट पर अपना उम्मीदवार उतार देने के साथ ही दोनों ही दलों में प्रदेश के एक एक विधायक पर नजर रखी जा रही है। इस गहमागहमी में भारत आदिवासी पार्टी BAP विधायक कमलेश्वर डोडियार को दोनों दलों से तवज्जो मिल रही है। इस बीच सोमवार को वे अचानक गायब हो गए। शाम से लेकर कुछ घंटे तक संपर्क से बाहर रहे।
दोनों मोबाइल नंबर बंद
विधायक कमलेश्वर डोडियार दो मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करते हैं। इस अवधि में उनके दोनों मोबाइल नंबर बंद हो गए।


