Ahmedabad. गुजरात से राज्य सभा की चार सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए सोमवार को भाजपा की ओर से चार प्रत्याशियों- राजू शुक्ल, मानसिंह परमार, मुकेश राठवा और जितेंद्र कणजारिया- ने अपने नामांकन भरे। नामांकन-पत्र भरने के अंतिम दिन भाजपा के इन चारों प्रत्याशियों ने विजय मुहूर्त में विधानसभा पहुंचकर अपना पर्चा भरा। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा और कई मंत्रीगण उपस्थित रहे। भाजपा ने गुजरात की चार सीटों के लिए उम्मीदवार के रूप में प्रत्याशी बनाया है। चार सीटों पर ही चुनाव होना है।
कांग्रेस का ऊपरी सदन में कोई सांसद नहीं होगा
उधर विधानसभा में विधायकों की संख्या नहीं होने के चलते कांग्रेस ने अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। ऐसे में भाजपा के इन चारों प्रत्याशियों का निर्विरोध जीतना तय है। 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा में भाजपा के पास 161 विधायक हैं। कांग्रेस के पास सिर्फ 12 विधायक हैं। आम आदमी पार्टी के पास पांच विधायक, एक विधायक समाजवादी पार्टी का, जबकि दो निर्दलीय विधायक हैं। इसे देखते हुए कांग्रेस ने अपना कोई उम्मीदवार इस चुनाव में नहीं उतारा है।
ज्ञात हो कि राज्यसभा के चार सदस्यों का कार्यकाल 21 जून को पूरा हो रहा है। इनमें भाजपा के राम मोकरिया, नरहरि अमीन और रमीलाबेन बारा के अलावा कांग्रेस के एकमात्र शक्ति सिंह गोहिल भी हैं।गुजरात से राज्यसभा की 11 सीटें हैं। इन चार सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों की जीत होने पर राज्यसभा में सभी 11 सीटों पर भाजपा का कब्जा हो जाएगा। राज्य के इतिहास में यह पहला मौका होगा, जब राज्यसभा में कांग्रेस पार्टी का एक भी सांसद नहीं होगा।
राज्यसभा की सभी 11 सीटों पर जीत का बनेगा कीर्तिमान: विश्वकर्मा
नामांकन-पत्र भरने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में गुजरात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने कहा कि एक मी 1960 को गुजरात की स्थापना हुई उसके बाद से गुजरात के राजनीतिक इतिहास में नया रेकॉर्ड बनने जा रहा है। इतिहास में पहली बार राज्यसभा की सभी 11 सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी जीतकर सदन पहुंचने का कीर्तिमान रचने जा रहे हैं। पार्टी के चार सदस्यों ने नामांकन-पत्र भरा है। कांग्रेस के पास केवल 12 विधायक ही होने के चलते राज्यसभा में अब कांग्रेस का कोई सांसद नहीं पहुंचेगा। राज्यसभा गुजरात कांग्रेस मुक्त बनेगी।गुजरात सरकार के प्रवक्ता मंत्री जीतू वाघाणी ने कहा कि बीते तीन दशक से कांग्रेस को गुजरात की जनता का समर्थन नहीं मिला है। यह दर्शाता है कि कांग्रेस का पुराने समय का शासन कितना विफल रहा होगा।
हम जोड़-तोड़ की राजनीति नहीं करते
गुजरात प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता डॉ.मनीष दोशी ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास करती है। कांग्रेस के पास पर्याप्त विधायक संख्या नहीं होने के चलते पार्टी ने राज्यसभा चुनाव में अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। हम भाजपा की तरह जोड़-तोड़ की राजनीति नहीं करते हैं।


