भिवानी के स्पेशल स्टाफ ईशरवाल ने गांव बड़वा में घर से चोरी की वारदात करने के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनसे चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण व नकदी बरामद की है। गांव बड़वा निवासी रोहतास ने थाना सिवानी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 28 मई को अपने परिवार सहित पंजाब गया हुआ था। 31 मई की रात को जब वह वापस अपने घर पहुंचा तो देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे तथा घर में रखे लॉकर से आरोपी सोने-चांदी के आभूषण व 5000 रुपए नगद चोरी करके ले गए थे। शिकायत पर थाना सिवानी में केस दर्ज किया गया। गांव बड़वा के रहने वाले आरोपी
स्पेशल स्टाफ ईशरवाल के मुख्य सिपाही तेजपाल ने घर में चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गांव बड़वा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव बड़वा निवासी गिरधारी पुत्र ओमप्रकाश तथा समीर पुत्र सुरजीत के रूप में हुई है। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने चोरी किए गए आभूषण एक ज्वैलर्स को बेच दिए थे। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने चोरी के आभूषण खरीदने के मामले में एक ज्वैलरी शॉप संचालक को 7 जून को सिवानी से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गांव बड़वा निवासी नरेंद्र पुत्र रोहतास के रूप में हुई। गहने व नकदी बरामद
पुलिस टीम ने आरोपियों से चोरी किए गए लगभग 4 लाख 95 हजार कीमत के सोने-चांदी के आभूषण तथा 5000 नगद बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गिरधारी व समीर नशा करने के आदी हैं जो अपने नशे की पूर्ति के लिए घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस टीम ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी गिरधारी व समीर को जिला कारागार भेजने के आदेश दिए हैं, जबकि आरोपी नरेंद्र को जमानत पर रिहा किया गया है।


