बीवाईडी के ‘सब कुछ खुद बनाओ’ मॉडल की अग्निपरीक्षा:टेस्ला को पछाड़ने वाली बीवाईडी का मुनाफा 4 साल में पहली बार गिरा

बीवाईडी के ‘सब कुछ खुद बनाओ’ मॉडल की अग्निपरीक्षा:टेस्ला को पछाड़ने वाली बीवाईडी का मुनाफा 4 साल में पहली बार गिरा

चीन के शेनझेन में ईवी दिग्गज बीवाईडी का हेडक्वार्टर है। यहां आने वाले मेहमानों को एक प्रदर्शन देखने को मिलता था। एक ड्रिल से साधारण ईवी को छेदा जाता था, जो तुरंत आग पकड़ लेती। फिर बीवाईडी की ब्लेड बैटरी पर इसे दोहराया जाता, लेकिन वह सुरक्षित रहती। इसी बैटरी के दम पर बीवाईडी ईवी शिखर पर पहुंची। लेकिन अब चार साल में पहली बार कंपनी का मुनाफा गिरा। लगातार आठ महीने साल दर साल बिक्री में गिरावट आई और 2026 की शुरुआत में प्रतिद्वंद्वी गिली ने तीन साल से ज्यादा समय बाद बीवाईडी को चीन के शीर्ष ईवी कंपनी के पद से हटा दिया, हालांकि बाद में बीवाईडी ने यह तमगा फिर छीन लिया। बीवाईडी के फाउंडर वांग चुआनफू ने एक ऐसी रणनीति अपनाई जो उन्हें बाकियों से अलग करती थी- लीथियम प्रोसेसिंग प्लांट से लेकर एआई मॉडल तक हर चीज खुद बनाओ। इस रणनीति ने लागत को नियंत्रण करने में मदद की। सीगल जैसे मॉडल महज 10,000 डॉलर (करीब 9.5 लाख रुपए) में उतारे। नए मॉडल तेजी से बाजार में आते हैं। पिछले एक दशक में राजस्व दस गुना बढ़कर 116 अरब डॉलर (करीब 11.6 लाख करोड़ रुपए) पर पहुंच गया। 2025 में बीवाईडी ने इलोन मस्क की टेस्ला से ज्यादा कारें बेचीं। चुआनफू की संपत्ति 2 लाख करोड़ रुपए है। पर चीन का ऑटो उद्योग तेजी से बदल रहा है। युवा खरीदार कार लेते सबसे पहले डैशबोर्ड पर लगे बड़े आधुनिक एंटरटेनमेंट पैनल देखते हैं। शियाओपेंग मोटर्स और ली ऑटो जैसी कंपनियां इंटरनेट उद्योग से आए उद्यमियों द्वारा बनाई गई हैं। फॉक्सवैगन ने शियाओपेंग मोटर्स से सिस्टम नॉलेज खरीदी। हुआवे की एक डिवीजन पांच अलग-अलग कार कंपनियों को सॉफ्टवेयर और एंटरटेनमेंट सिस्टम बेच रही है। इसने जेएसी जैसी सरकारी कंपनी को 1 लाख डॉलर से ज्यादा कीमत का लग्जरी ईवी ब्रांड ‘मेक्स्ट्रो’ लॉन्च करने में मदद की। गिली ने एआई स्टार्टअप स्टेपफन के साथ ऑटोनॉमस ड्राइविंग और आईफ्लाईटेक के साथ वॉयस रिकग्निशन के लिए करार किया। विशेषज्ञों के मुताबिक बीवाईडी का बैटरी नवाचार शानदार है। 10 मिनट की फास्ट चार्जिंग और -30 डिग्री सेल्सियस पर प्रदर्शन शानदार हैं। पर जब पूरा उद्योग सॉफ्टवेयर, एआई और एंटरटेनमेंट की तरफ मुड़ रहा हो, तो सिर्फ बैटरी के दम पर आगे बने रहना मुश्किल होता जा रहा है। सवाल यह है क्या ‘सब कुछ खुद बनाओ’ वाली सोच इस युग में भी काम आएगी? बीवाई ने रणनीति बदली गिरती बिक्री के बीच बीवाईडी ने जल्दबाजी में ऑटोनॉमस ड्राइविंग तकनीक पूरी तरह तैयार होने से पहले ही कई सस्ते मॉडलों में उतार दी। कई हादसे हुए। हुआवे के वरिष्ठ अधिकारी यू चेंगडोंग ने कहा, जो काफी अच्छा और सुरक्षित इंटेलिजेंट ड्राइविंग है, वो दो बिल्कुल अलग स्तर हैं। इस दबाव में वांग चुआनफू ने कहा- बीवाईडी पहली कंपनी होगी जो ऑटोनॉमस ड्राइविंग हादसों से होने वाले नुकसान की भरपाई करेगी। हेडक्वार्टर में अब एक नया प्रदर्शन होता है, ड्राइवर हाथ हटाकर बैठता है और कार खुद पार्किंग में अपनी जगह तय करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *