शहर के नंगली सर्किल से भगतसिंह तक हटेगा अतिक्रमण:आयुक्त ने व्यापारी संगठनों और यूआईटी अधिकारियों की ली मीटिंग

शहर के नंगली सर्किल से भगतसिंह तक हटेगा अतिक्रमण:आयुक्त ने व्यापारी संगठनों और यूआईटी अधिकारियों की ली मीटिंग

अलवर शहर में बरसात से पहले नालों की सफाई, जलभराव की समस्या से राहत और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम और यूआईटी ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। अभियान की शुरुआत आज शाम विकास पथ से की जाएगी। इसके तहत सबसे पहले नालों, सड़कों और सार्वजनिक मार्गों पर किए गए अतिक्रमण हटाए जाएंगे, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारु रह सके और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। दरअसल, नगर निगम ने करीब 15 दिन पहले भी शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन यह अभियान महज दो दिन बाद ही सिमटकर रह गया। इसके बाद शुक्रवार को गौरव पथ क्षेत्र में कार्रवाई प्रस्तावित थी, लेकिन उस दिन भी अभियान को टाल दिया गया। लगातार टल रही कार्रवाई को लेकर शहर में चर्चाएं बनी हुई थीं। अब निगम ने दोबारा रणनीति तैयार कर अभियान को गति देने का फैसला किया है। नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका की अध्यक्षता में निगम कार्यालय में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहरव्यापी अतिक्रमण हटाने की कार्ययोजना बनाई गई। इसके बाद व्यापार महासंघ और संयुक्त महासंघ के प्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा की गई। व्यापारियों ने अभियान पर सहमति जताते हुए सभी के खिलाफ समान और निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग रखी। आयुक्त नरूका ने बताया कि अभियान को लेकर पहले ही ई-रिक्शा के माध्यम से शहर में मुनादी कर लोगों को अवगत कराया जा चुका है। सभी संबंधित टीमों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निगम का कहना है कि इस बार अभियान को चरणबद्ध तरीके से लगातार चलाया जाएगा, जिससे शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के साथ-साथ बरसात से पहले नालों की सफाई और यातायात व्यवस्था को भी बेहतर किया जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *