Trump Indian Ocean Island Plan: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हिंद महासागर में स्थित चागोस आइलैंड को खरीदने की संभावना पर विचार कर रहे हैं। ऐसा इसलिए, क्योंकि यह आइलैंड कई अहम मायने में महत्वपूर्ण है।
बता दें चागोस आइलैंड में मौजूद ‘डिएगो गार्सिया सैन्य अड्डा’ अमेरिका और ब्रिटेन के लिए हिंद महासागर का सबसे महत्वपूर्ण सैन्य ठिकाना माना जाता है। यह बेस अमेरिका को एशिया, मध्य पूर्व और अफ्रीका के बीच अपनी सैन्य मौजूदगी बनाए रखने में मदद करता है। ऐसे समय में जब ब्रिटेन इस क्षेत्र की कमान मॉरिशस को सौंपने की तैयारी कर रहा है, ट्रंप प्रशासन इस इलाके पर अपना प्रभाव बनाए रखने के विकल्प तलाश रहा है। यही वजह है कि चागोस आइलैंड को लेकर ट्रंप ने दिलचस्पी दिखाई है।
अमेरिका की दिलचस्पी के पीछे का राज
यही नहीं चागोस आइलैंड को लेकर अमेरिका की दिलचस्पी के पीछे सुरक्षा और रणनीतिक कारण बताए जा रहे हैं। मॉरिशस के चीन और ईरान दोनों के साथ अच्छे संबंध हैं, जिससे अमेरिका को चिंता है कि भविष्य में इस क्षेत्र में उसका प्रभाव कम हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, चागोस आइलैंड खरीदने का विचार अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट के जरिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तक पहुंचाया गया था।
डिएगो गार्सिया में मौजूद सैन्य अड्डा अमेरिका के लिए बेहद अहम है। यह बेस हिंद महासागर में अमेरिकी नौसेना की मजबूत मौजूदगी बनाए रखने में मदद करता है और जरूरत पड़ने पर लंबी दूरी के सैन्य अभियानों के लिए भी उपयोगी है। अमेरिकी अधिकारियों को डर है कि अगर इस क्षेत्र का नियंत्रण मॉरिशस को मिला, तो चीन को समुद्री गतिविधियों पर नजर रखने का मौका मिल सकता है। इसलिए अमेरिका और ब्रिटेन लगातार बातचीत कर रहे हैं ताकि डिएगो गार्सिया का रणनीतिक महत्व और सुरक्षा बरकरार रहे।
चागोस आइलैंड को लेकर US का क्या है प्लान?
शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर की उस योजना का समर्थन किया था, जिसमें चागोस आइलैंड का नियंत्रण मॉरिशस को सौंपने की बात थी। लेकिन बाद में उनका रुख बदल गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप उस समय नाराज हो गए जब स्टारमर ने ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई के लिए अमेरिका को डिएगो गार्सिया बेस इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी।
ब्रिटेन 2025 में चागोस द्वीप समूह को मॉरिशस को सौंपने के लिए कानून लाना चाहता था, लेकिन इस योजना को अमेरिका की मंजूरी के बिना लागू नहीं किया जा सकता। इसी वजह से ब्रिटेन ने फिलहाल इस प्रक्रिया को रोक दिया है।
ट्रंप ने इस प्रस्ताव की आलोचना करते हुए इसे बड़ी गलती बताया और कहा कि इससे ब्रिटेन एक बेहद महत्वपूर्ण रणनीतिक क्षेत्र पर अपना नियंत्रण खो देगा। रिपोर्ट के मुताबिक, यदि अमेरिका मॉरिशस के साथ अलग समझौता करना चाहता है, तो उसे पहले ब्रिटेन की मौजूदा योजना को आगे बढ़ने देना होगा, जिसके तहत डिएगो गार्सिया सैन्य अड्डे को 99 साल की लीज पर रखा जाएगा।






AMERICAN RAJ: Trump considers purchasing Chagos Islands