शामली में एक दवा व्यापारी के बेटे आयुष मलिक (पूर्व नाम श्रवण पंडित) ने हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम अपनाने का दावा किया है। आयुष मलिक ने बुधवार को मीडिया के सामने आकर बताया कि उसने अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन किया है और चार साल पहले दिल्ली में निकाह भी कर लिया था। आयुष मलिक ने बताया कि उसने 2013 से मुस्लिम रीति-रिवाज सीखना शुरू कर दिया था। उसने चार साल पहले दिल्ली की एक मस्जिद में चांदनी कुरैशी से निकाह किया था। इस निकाह में चांदनी का परिवार मौजूद था, लेकिन आयुष अपने परिवार को बताए बिना ही गया था। आयुष के अनुसार, उसने अपनी बहन की शादी के डर से परिवार को अपने धर्म परिवर्तन और निकाह के बारे में नहीं बताया था। फरवरी 2026 में उसने अपने मुस्लिम धर्म अपनाने और चांदनी कुरैशी से शादी की बात अपने परिवार को बताई, जिसके बाद घर में विवाद शुरू हो गया। आयुष ने कहा कि उसके अब दो परिवार हैं और वह दोनों को एकजुट करने का प्रयास करेगा। उसने स्पष्ट किया कि वह अब मुस्लिम धर्म नहीं छोड़ेगा।


