इंटरव्यू में डोनाल्ड ट्रंप से एंकर ने मांगे चुनावों में धांधली के सबूत, बीच में छोड़कर भागे अमेरिकी राष्ट्रपति; देखें Video

इंटरव्यू में डोनाल्ड ट्रंप से एंकर ने मांगे चुनावों में धांधली के सबूत, बीच में छोड़कर भागे अमेरिकी राष्ट्रपति; देखें Video

Donald Trump Interview: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सोशल मीडिया पर बीच इंटरव्यू छोड़कर जाने का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इस पर लोगों की तरह-तरह की प्रतिक्रिया सामने आ रही है। दरअसल, NBC के कार्यक्रम में एंकर क्रिस्टन वेल्कर के साथ तीखी बहस हुई। इसके बाद बीच इंटरव्यू में ट्रंप ने एंकर  से कहा अभ इसे यहीं खत्म करते हैं, मेरे लिए बहुत हो चुका। धन्यवाद। इसके बाद उन्होंने अपना माइक्रोफोन उतारा और स्टूडियो छोड़ दिया। 

ट्रंप ने बाइडेन और अमेरिकी मीडिया पर साधा निशाना

इंटरव्यू की शुरुआत अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों और ईरान से जुड़े कूटनीतिक प्रयासों को लेकर बातचीत हुई। इसके बाद बातचीत ट्रंप की प्रस्तावित 1.8 अरब डॉलर की एंटी-वेपनाइजेशन पहल पर पहुंची, जिसका उद्देश्य उन लोगों को राहत देना बताया गया जो उनके अनुसार पिछली सरकार के दौरान राजनीतिक रूप से निशाना बनाए गए।

इस दौरान ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन और अमेरिकी मीडिया पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई निर्दोष लोगों को राजनीतिक कारणों से परेशान किया गया और जेल तक भेजा गया।

चुनाव में धांधली हुई थी- ट्रंप

इंटरव्यू के दौरान एंकर ने डोनाल्ड ट्रंप के चुनावी धांधली के दावों पर सबूत मांगे। इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि सबूतों की कोई कमी नहीं है। 2020 का चुनाव धांधली से भरा था और यही चीज अभी कैलिफोर्निया में भी हो रही है।

ट्रंप ने कैलिफोर्निया में मतगणना में हो रही देरी को भी संदिग्ध बताया। उन्होंने कहा कि यह चुनावी गड़बड़ी का संकेत है। हालांकि एंकर ने स्पष्ट किया कि राज्य के नियमों के अनुसार चुनाव दिवस तक पोस्ट किए गए बैलेट बाद में पहुंचने पर भी गिने जाते हैं, जिससे परिणाम आने में समय लगता है।

इंटरव्यू के दौरान ट्रंप एंकर की इस बात से सहमत नहीं हुए और कहा कि वे ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वे चुनाव में धोखाधड़ी कर रहे हैं।

जब उनसे फिर पूछा गया कि क्या उनके पास इसका कोई ठोस प्रमाण है, तो ट्रंप ने जवाब दिया, मुझे सिर्फ देखना और लोगों की बातें सुनना है, वही काफी है।

मीडिया पर साधा निशाना

इस दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी मीडिया पर भी जमकर निशाना साधा और पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आपकी प्रेस बेईमान है। मीट द प्रेस (Meet the Press)  बेईमान है और ABC, CBS तथा CNN भी एकतरफा और पक्षपाती नेटवर्क हैं।

इस पर एंकर ने कहा कि वह निष्पक्ष हैं तो अमेरिकी राष्ट्रपति ने पलटवार करते हुए कहा कि या तो आप बेईमान हैं या फिर आपको समझ नहीं है।

इंटरव्यू हुआ खत्म

एंकर के साथ हुई तीखी बहस के बाद अचानक अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इंटरव्यू खत्म करने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि मैं आपको काफी समय दे चुका हूं। आपके मीडिया को खुद को सुधारने की जरूरत है, क्योंकि बेईमान प्रेस के साथ कोई भी देश महान नहीं बन सकता।

इसके बाद उन्होंने माइक्रोफोन हटाया और इंटरव्यू बीच में ही छोड़कर चले गए। एंकर क्रिस्टन वेल्कर ने उन्हें रुकने और बातचीत जारी रखने की अपील की, लेकिन ट्रंप बिना जवाब दिए स्टूडियो से बाहर निकल गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *