जिसपर लगे इंडियन एजेंट होने के आरोप, वहीं बना बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का नया अध्यक्ष, किया बड़ा ऐलान

जिसपर लगे इंडियन एजेंट होने के आरोप, वहीं बना बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का नया अध्यक्ष, किया बड़ा ऐलान

Tamim Iqbal New BCB President: तमीम इकबाल बांग्लादेश के अब तक के सबसे महान खिलाड़ियों में शुमार हैं। उन्होंने अपने देश के लिए 391 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और तीनों फॉर्मेट में कुल मिलाकर 15,000 से ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाए हैं। 

BCB New President: बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल (Tamim Iqbal) को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का अध्यक्ष चुना गया है। वह पिछले दो महीनों से बोर्ड की अंतरिम समिति का कामकाज संभाल रहे थे। 36 वर्षीय तमीम रविवार को ढाका में हुए चुनावों में एकमात्र उम्मीदवार थे। अब वह चार साल का कार्यकाल संभालेंगे। टी20 वर्ल्डकप 2026 के दौरान तमीम इकबाल पर इंडियन एजेंट होने के आरोप लगे थे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बोर्ड निदेशक नजमुल इस्लाम ने यह आरोप लगाया था, हालांकि बाद में उन्हें पद से हटा दिया गया।

शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में हुए चुनाव

यह चुनाव शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए। इससे पहले अप्रैल में बांग्लादेश सरकार ने अमीनुल इस्लाम द्वारा चलाए जा रहे पिछले बोर्ड को भंग करने और अंतरिम प्रशासन के तहत नए चुनाव कराने का फैसला किया था। कुल मिलाकर तीन श्रेणियों में फिजिकल और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग के जरिए 23 डायरेक्टर चुने गए और बाद में सरकार द्वारा नियुक्त दो प्रतिनिधि बोर्ड में शामिल हुए, जिससे यह 25 सदस्यों वाली गवर्निंग बॉडी तैयार हुई।

तमीम उन 12 डायरेक्टरों में से एक थे, जो ढाका क्लब श्रेणी में चुने गए थे। बाद में नई काउंसिल ने उन्हें सर्वसम्मति से बोर्ड अध्यक्ष चुन लिया। उपाध्यक्षों में से एक फहीम सिन्हा हैं, जबकि दूसरे का नाम अभी तय होना बाकी है। तमीम की शीर्ष प्राथमिकताओं में एक आधुनिक हाई परफॉर्मेंस सेंटर बनाना शामिल है, जिसे नए बीसीबी अध्यक्ष ने अपनी सबसे बड़ी इच्छा बताया है।

अध्यक्ष बनने के बाद खुद को साबित करने की कही बात

बीसीबी अध्यक्ष चुने जाने के बाद तमीम ने कहा कि यह कोई व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “मुझे ऐसा कोई खास एहसास नहीं हो रहा है कि मैं बहुत बड़ी चीज बन गया हूं। यह एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैंने पिछले कुछ वर्षों में क्रिकेट बोर्ड के बारे में कई बातें कही हैं, इसलिए अब मुझे लगता है कि यह समय है जब मुझे सभी के सामने खुद को साबित करना है।”

तमीम ने कहा, “हाई परफॉर्मेंस सेंटर शायद मेरा सबसे बड़ा सपना है। मुझे उम्मीद है कि मैं इस सपने को पूरा कर सकूंगा। हमें सरकार से बड़े समर्थन की जरूरत होगी। शुरुआत में बीसीबी इस सेंटर के लिए फंड दे सकता है। हमने उस कंपनी से दोबारा डिजाइन तैयार करने के लिए कहा है, जिसने मौजूदा सेंटर को डिजाइन किया था। हमें उम्मीद है कि हम पुरबाचल में सेंटर शुरू कर पाएंगे। जैसा कि आप सोच सकते हैं, इतने बड़े पैमाने के प्रोजेक्ट के लिए बहुत सारे पैसों की जरूरत होती है। हम निश्चित रूप से इस मामले में सरकार का समर्थन लेंगे।”

यह नया सेंटर मौजूदा ‘हाई परफॉर्मेंस सेंटर’ का एक बड़ा अपग्रेड होगा। मौजूदा सेंटर शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में है, लेकिन उसे सीमित माना जाता है।

तमीम इकबाल बांग्लादेश के अब तक के सबसे महान खिलाड़ियों में शुमार हैं। उन्होंने अपने देश के लिए 391 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और तीनों फॉर्मेट में कुल मिलाकर 15,000 से ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाए हैं। उन्होंने 38 मुकाबलों में बांग्लादेश की कप्तानी की और टीम को 21 जीत दिलाईं। साल 2025 की शुरुआत में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर होने के बाद भी तमीम घरेलू क्रिकेट खेलते रहे, लेकिन ढाका प्रीमियर लीग के एक मैच के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया, जिससे उनके खेलने के करियर का अंत हो गया।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *