जैसलमेर के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सम सैंड ड्यून्स के ‘जुमा हेरिटेज रिसॉर्ट’ में बीती रात को तेज आंधी के कारण बड़ा हादसा हो गया। यहां लोक कलाकारों के स्टेज के पीछे बने ड्रेसिंग रूम की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से जैसलमेर जिले के बेरसियाला गांव निवासी 25 वर्षीय लोक कलाकार स्वरूप खान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवतियों रवीना और मोनू पुत्री राजू नाथ सहित तीन अन्य कलाकार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जैसलमेर से जोधपुर रेफर किया गया है। सम थाना अधिकारी प्रहलाद चंद ने बताया कि रेसोर्ट में लोक कलाकारों के प्रदर्शन के लिए बने मंच (स्टेज) के ठीक पीछे एक ड्रेसिंग रूम बनाया गया था। सोमवार देर शाम 8 बजे के बाद अचानक आए तेज अंधड़ के कारण इस ड्रेसिंग रूम की दीवार ढह गई। जिससे मंच पर बैठे लोक कलाकारों पर ही दीवार का मलबा पत्थर आदि गिरने से एक कलाकार की मौत हो गई। बेरसियाला के स्वरूप खान की मौत, 3 जोधपुर रेफर हादसे में जैसलमेर जिले के बेरसियाला गांव निवासी लोक कलाकार स्वरूप खान (25) की मौके पर ही सांसें थम गईं। वहीं अन्य कलाकार बीरबल, रवीना और मोनू पुत्री राजू नाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत जैसलमेर के जवाहिर हॉस्पिटल लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया। कलाकार समुदाय में शोक, सम क्षेत्र में बिजली गुल पुलिस ने मृतक स्वरूप खान का शव सम के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद स्थानीय लोक कलाकार समुदाय में शोक की लहर छा गई है। वहीं, सोमवार को आए इस भयानक अंधड़ के कारण पूरे सम क्षेत्र में बिजली के खंभे और लाइनें क्षतिग्रस्त होने से विद्युत व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। रात 8 बजे के बाद आया तेज अंधड़ गौरतलब है कि सोमवार रात करीब 8 बजे के बाद अचानक मौसम में बदलाव आया और तेज हवाओं के साथ अंधड़ आया जिससे हाथ को हाथ नहीं सुझाई दे रहा था। इस तेज अंधड़ में सबसे ज्यादा नुकसान बिजली निगम को हुआ है। निगम के कई जगहों पर पोल गिर गए और तारें टूट गई, विभाग अब नुकसान का आकलन कर बिजली आपूर्ति को सुचारु करने के प्रयास कर रहा है।


