सोनाक्षी सिन्हा ने पिता शत्रुघ्न सिन्हा के व्यवहार को लेकर तोड़ी चुप्पी, बताया असल जिंदगी का सच

सोनाक्षी सिन्हा ने पिता शत्रुघ्न सिन्हा के व्यवहार को लेकर तोड़ी चुप्पी, बताया असल जिंदगी का सच

Sonakshi Sinha on Shatrughan Sinha: बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा इन दिनों अपनी हाल ही में रिलीज हुई कोर्टरूम ड्रामा फिल्म ‘सिस्टम’ (System) को लेकर चर्चा में हैं। प्राइम वीडियो इंडिया पर स्ट्रीम हो रही अश्विनी अय्यर तिवारी की इस फिल्म में सोनाक्षी एक ऐसी युवा वकील का किरदार निभा रही हैं, जिसे अपने ही पिता जो आशुतोष गोवारिकर बने हैं उनकी सख्त शर्तों का सामना करना पड़ता है। फिल्म में उनके पिता उन्हें चुनौती देते हैं कि जब तक वह एक सरकारी वकील के रूप में लगातार 10 मुकदमे नहीं जीत लेतीं, तब तक उन्हें उनकी बड़ी लॉ फर्म में पार्टनरशिप नहीं मिलेगी।

फिल्म का यह किरदार भले ही “रिवर्स नेपोटिज्म” यानी उल्टा भाई-भतीजावाद और एक कड़क पिता के फैसलों से जूझ रहा हो, लेकिन इसी को लेकर सोनाक्षी ने अपने रियल पिता शत्रुघ्न सिन्हा को लेकर भी बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि असल जिंदगी में उनके पिता का व्यवहार हमेशा कैसा रहा है।

सोनाक्षी ने पिता शत्रुघ्नन सिन्हा को लेकर किया खुलासा (Sonakshi Sinha on Shatrughan Sinha)

एक हालिया इंटरव्यू के दौरान सोनाक्षी सिन्हा ने अपने बचपन और करियर के शुरुआती दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी होने के बावजूद उन्होंने वास्तविक जीवन में कभी किसी बंदिश या सख्त अनुशासन का अनुभव नहीं किया। सोनाक्षी ने कहा, “मेरे पिता ने मुझे हमेशा अपना रास्ता खुद चुनने की पूरी आजादी दी, यहां तक कि जब मैं फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई कर रही थी, तब भी उन्होंने मुझ पर कोई दबाव नहीं डाला। वह पूरी तरह से मेरा अपना फैसला था। वह तो किस्मत को कुछ और मंजूर था जो मैं फिल्मों में आ गई, वह एक अलग कहानी है।” सोनाक्षी के मुताबिक, उनके पिता का यही अटूट और मौन समर्थन आज भी उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

बेहद नरम दिल के शख्स हैं शत्रुघ्न सिन्हा (Shatrughan Sinha parenting style reverse nepotism)

फिल्म ‘सिस्टम’ के सख्त पिता के किरदार से अपने रीयल लाइफ पापा की तुलना करते हुए सोनाक्षी हंस पड़ीं। उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा की सार्वजनिक छवि का मजेदार सच बताते हुए कहा, “मेरे डैड स्क्रीन पर भले ही बहुत सख्त दिखते हों और शॉटगन स्टाइल में ‘खामोश… वामोश’ जैसे भारी-भरकम डायलॉग बोलते हों, लेकिन असल जिंदगी में वे बहुत ही ज्यादा नरम दिल के इंसान हैं। जब मैंने फिल्मों में कदम रखा था, तो उन्होंने मुझे कोई लंबा-चौड़ा ज्ञान नहीं दिया, बल्कि सिर्फ इतना कहा था- ‘तुम अपना काम करो, और मुझे पूरा भरोसा है कि तुम बहुत अच्छा करोगी।’ उनके इन शब्दों ने मुझे करियर में स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ने के लिए पंख और आत्मविश्वास दिया।”

तारीफ हो या कमियां, मुंह पर सच बोलते हैं शत्रुघ्न सिन्हा

नरम दिल होने के साथ-साथ शत्रुघ्न सिन्हा अपनी बेबाकी के लिए भी जाने जाते हैं और यही खूबी वह अपनी बेटी के साथ भी निभाते हैं। सोनाक्षी ने बताया कि उनके पिता उनके काम को लेकर हमेशा बेहद ईमानदार फीडबैक देते हैं। वह कभी झूठी तारीफ नहीं करते। सोनाक्षी ने कहा, “सब जानते हैं कि मेरे पिता बहुत पारदर्शी हैं। जब उन्हें कोई बात कहनी होती है, तो वह सीधे मुंह पर सच बोल देते हैं। इसलिए जब भी वह मेरे काम की समीक्षा करते हुए मुझे बिल्कुल सच बताते हैं, तो मुझे बहुत अच्छा लगता है क्योंकि मुझे पता होता है कि यह राय बिना किसी मिलावट के है।”

दिलचस्प बात यह है कि दोनों के फिल्म इंडस्ट्री में होने के बावजूद, फैंस को अब तक इस बाप-बेटी की जोड़ी को एक साथ किसी पूरी फिल्म में देखने का मौका नहीं मिला है। दोनों सिर्फ एक बार फिल्म ‘यमला पगला दीवाना: फिर से’ के एक स्पेशल गाने “रफ्ता रफ्ता मेडले” में कुछ पलों के लिए स्क्रीन साझा करते नजर आए थे। वहीं, पिता के खिलाफ जाकर सोनाक्षी ने मुस्लिम जहीर इकबाल से शादी की थी, पहले परिवार खुश नहीं था, लेकिन बेटी के प्यार के आगे वह झुक गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *