मेरठ में गार्ड को कार से कुचलने की कोशिश:गंभीर हालत में मिलिट्री अस्पताल में भर्ती, आरोपी फरार

मेरठ में गार्ड को कार से कुचलने की कोशिश:गंभीर हालत में मिलिट्री अस्पताल में भर्ती, आरोपी फरार

मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मंगलवार रात मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (एमएनएस) सेंटर में ड्यूटी पर तैनात एक गार्ड को तेज रफ्तार कार से कुचलने का प्रयास किया गया। इस हादसे में गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। शिवलोकपुरी निवासी अरुण कुमार ने सदर बाजार थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनके पिता प्रेमचंद एमएनएस सेंटर में गार्ड के पद पर कार्यरत हैं। रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे जब वे ड्यूटी पर थे, तभी थापरनगर निवासी सत्यम गोयल अपनी क्रेटा कार लेकर वहां पहुंचा और प्रेमचंद को जोरदार टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि टक्कर मारने के बाद आरोपी ने कार नहीं रोकी, बल्कि प्रेमचंद को कई फीट तक घसीटता हुआ ले गया। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो आरोपी कार सहित फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल प्रेमचंद को तत्काल मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। अरुण कुमार ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उनके पिता प्रेमचंद और सत्यम गोयल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उस दौरान आरोपी ने प्रेमचंद को जान से मारने की धमकी भी दी थी। परिजनों का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है। सदर बाजार थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी सत्यम गोयल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *