लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 5 की मौत:15 यात्री घायल, दिल्ली से बिहार जा रही बस, ड्राइवर को झपकी आने की आशंका

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 5 की मौत:15 यात्री घायल, दिल्ली से बिहार जा रही बस, ड्राइवर को झपकी आने की आशंका

उन्नाव में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 262 के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी। अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के दौरान कई यात्री बस की खिड़कियों से उछलकर एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही औरास थाना पुलिस, यूपीडा की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। देखिए 3 तस्वीरें… पुलिस के अनुसार बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि अचानक नींद आने से चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। दुर्घटना के बाद चालक घायल अवस्था में मिला, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस उससे पूछताछ भी कर रही है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस और यूपीडा कर्मियों ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि राहत और बचाव कार्य में थोड़ी भी देरी होती तो मृतकों की संख्या और बढ़ सकती थी। घटना के बाद जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पुलिस मृतकों की पहचान कराने और उनके परिजनों को सूचना देने में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *