गोरखपुर में तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश:सायरन बजने से सभी अलर्ट हुए, 80-90km/hr की गति से चल सकती है हवाएं

गोरखपुर में तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश:सायरन बजने से सभी अलर्ट हुए, 80-90km/hr की गति से चल सकती है हवाएं

गोरखपुर में सोमवार की रात करीब 11:45 बजे मौसम विभाग की ओर से एक अत्यंत गंभीर अलर्ट जारी किया गया। यह चेतावनी लोगों के मोबाइल फोन पर तेज सायरन के साथ पहुंची, जिससे लोग अचानक सतर्क हो गए। अलर्ट में बताया गया कि अगले तीन घंटों के दौरान गोरखपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी-तूफान, बिजली चमकने और बारिश की संभावना है। चार्ट में समझिए आकड़ा मौसम विभाग के अनुसार बलरामपुर, बस्ती, देवरिया, गोंडा, गोरखपुर, कुशीनगर, संत कबीर नगर और सिद्धार्थ नगर के कुछ इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं हवा के झोंके 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। यह अलर्ट अधिकतर लोगों के मोबाइल फोन पर पहुंचा। अचानक सायरन बजने से लोग हैरान हो गए, लेकिन बाद में जब उन्होंने संदेश पढ़ा तो सभी सतर्क हो गए। कई लोगों ने इस चेतावनी को सोशल मीडिया पर भी साझा किया, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जानकारी पहुंच सके और वे समय रहते सावधानी बरत सकें। मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पाण्डेय ने बताया कि गोरखपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। खासकर खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ या बिजली के खंभों के पास जाने से बचें। गौरतलब है कि इन दिनों गोरखपुर में भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का हाल बेहाल है। ऐसे में अगर मौसम बदलता है और बारिश होती है तो लोगों को गर्मी से काफी राहत मिल सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *