फुटबॉल विश्व कप शुरू होने में अब सिर्फ कुछ हफ्तों का समय बचा है और इसी बीच अर्जेंटीना के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी को लेकर चिंता बढ़ गई है। इंटर मियामी और फिलाडेल्फिया यूनियन के बीच खेले गए मेजर लीग सॉकर मुकाबले में मेसी अचानक मैदान से बाहर चले गए, जिसके बाद उनके फिटनेस को लेकर अटकलें तेज हो गई है।गौरतलब है कि इंटर मियामी ने यह मुकाबला 6-4 से अपने नाम किया, लेकिन जीत से ज्यादा चर्चा मेसी की हालत को लेकर हो रही है। मुकाबले के दौरान मेसी ने दो शानदार गोल में मदद की, लेकिन दूसरे हाफ में वह अचानक मैदान के किनारे खड़े दिखाई दिए और उन्होंने खुद ही बदलाव की मांग की।मौजूद जानकारी के अनुसार मैच के 73वें मिनट में मेसी को मैदान से बाहर बुलाया गया। उस समय वह अपने बाएं पैर के पीछे वाले हिस्से को पकड़ते नजर आए। हालांकि वह लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर नहीं गए, लेकिन उनके चेहरे पर चिंता साफ दिखाई दे रही थी। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हुई कि मैदान से बाहर आने के बाद मेसी सीधे ड्रेसिंग रूम चले गए और टीम बेंच पर भी नहीं बैठे है।बता दें कि मेसी इस सत्र में इंटर मियामी के लिए लगातार खेलते रहे हैं और पिछले एक महीने में उन्होंने लगभग हर मुकाबले में पूरे 90 मिनट मैदान पर बिताए हैं। ऐसे में अचानक बदलाव मांगना उनके प्रशंसकों और अर्जेंटीना टीम के लिए चिंता का कारण बन गया है।इंटर मियामी के मुख्य कोच गुइलेर्मो होयोस ने मैच के बाद कहा कि अभी तक मेडिकल रिपोर्ट सामने नहीं आई है और यह कहना जल्दबाजी होगी कि मेसी चोटिल हैं। उन्होंने बताया कि यह कदम केवल एहतियात के तौर पर उठाया गया था और लगातार मैच खेलने की वजह से थकान भी एक कारण हो सकती है।टीम के खिलाड़ी मातेओ सिल्वेट्टी ने भी कहा कि उन्हें अभी तक मेसी की स्थिति के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन पूरी टीम उम्मीद कर रही है कि मामला गंभीर नहीं होगा। गौरतलब है कि क्लब की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में भी मेसी की चोट को लेकर कोई साफ जानकारी साझा नहीं की गई है।मेसी पिछले कुछ वर्षों में हैमस्ट्रिंग से जुड़ी परेशानियों का सामना कर चुके हैं। इसी वजह से वह कई बार इंटर मियामी के मुकाबलों से बाहर भी रहे हैं। इस साल की शुरुआत में भी वह प्री-सीजन के कुछ मैच नहीं खेल पाए थे।अब सबकी नजर अर्जेंटीना की विश्व कप टीम घोषणा पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि मेसी रिकॉर्ड छठी बार विश्व कप खेल सकते हैं। अर्जेंटीना अपना पहला मुकाबला 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद टीम का सामना ऑस्ट्रिया और जॉर्डन से होगा।गौरतलब है कि मेजर लीग सॉकर अब सात सप्ताह के ब्रेक पर जा रही है ताकि खिलाड़ी अपनी राष्ट्रीय टीमों के साथ विश्व कप की तैयारी कर सकें। ऐसे में फिलाडेल्फिया यूनियन के खिलाफ खेला गया मुकाबला मेसी का विश्व कप से पहले आखिरी क्लब मैच भी माना जा रहा है।
Hindi News – News in Hindi – Latest News in Hindi | Prabhasakshi


