US-Iran डील की उम्मीद और Crude Oil में गिरावट का असर, Sensex में 1000 अंकों का बड़ा उछाल

US-Iran डील की उम्मीद और Crude Oil में गिरावट का असर, Sensex में 1000 अंकों का बड़ा उछाल
सप्ताह की शुरुआत भारतीय शेयर बाजार के लिए शानदार रही। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट के चलते सोमवार को निवेशकों का भरोसा मजबूत नजर आया। इसका असर यह हुआ कि बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों में एक प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई है।
मौजूद जानकारी के अनुसार बीएसई का तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 1073.61 अंक यानी 1.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,488.96 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 76,559.07 अंक का उच्च स्तर भी छुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 312.40 अंक यानी 1.32 प्रतिशत चढ़कर 24,031.70 अंक पर बंद हुआ है।
बाजार में तेजी का सबसे बड़ा कारण कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट को माना जा रहा है। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड करीब 5.52 प्रतिशत टूटकर 97.82 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। जानकारों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भारत जैसे आयातक देशों को राहत मिलती है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ता है।
गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत में प्रगति की खबरों ने भी बाजार को मजबूती दी। बताया जा रहा है कि अमेरिका, ईरान के साथ होरमुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने को लेकर बातचीत कर रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि वार्ता में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, हालांकि अमेरिका किसी खराब समझौते को स्वीकार नहीं करेगा।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिका-ईरान समझौते की उम्मीद से वैश्विक निवेश माहौल बेहतर हुआ है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया से जुड़ी परिस्थितियां तेजी से बदलती रहती हैं, इसलिए निवेशकों को सतर्क रहने की जरूरत भी बनी हुई है।
सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, एचडीएफसी बैंक, इटरनल, बजाज फिनसर्व और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर सबसे ज्यादा बढ़त में रहे। वहीं इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, सन फार्मा और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में कमजोरी देखने को मिली है।
एशियाई बाजारों की बात करें तो जापान का निक्केई और चीन का शंघाई सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुआ। दक्षिण कोरिया और हांगकांग के बाजार अवकाश के कारण बंद रहे। वहीं यूरोपीय बाजारों में भी तेजी का माहौल देखने को मिला है।
बता दें कि विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार से करीब 4440.47 करोड़ रुपये की बिकवाली की थी। इसके बावजूद घरेलू निवेशकों की मजबूत खरीदारी और वैश्विक संकेतों के कारण बाजार में तेजी बनी रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *