अमेरिका (United States of America) के विदेश मंत्री मार्को रूबियो (Marco Rubio) इस समय भारत (India) दौरे पर हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री के तौर पर यह उनका पहला आधिकारिक भारत दौरा है। उनकी पत्नी जीनेट डुस्डबेस रुबियो (Jeanette Dousdebes Rubio) भी उनके साथ आई है। रुबियो के चार दिवसीय दौरे का आज तीसरा दिन है और आज वह जयपुर (Jaipur) भ्रमण पर रहेंगे। दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने इज़रायल (Israel) और लेबनान (Lebanon) के बीच चल रही स्थिति पर भी बातचीत की।
क्या ईरान के साथ डील का लेबनान भी होगा हिस्सा?
अमेरिका और ईरान डील फाइनल चरण में है और जल्द ही इस पर मुहर लग सकती है। पत्रकारों से इस बारे में बातचीत करते हुए उनसे लेबनान पर भी सवाल पूछा गया। जब रुबियो से पूछा गया कि क्या लेबनान भी ईरान के साथ होने वाली डील का हिस्सा होगा, तो अमेरिकी विदेश मंत्री ने पत्रकारों से कहा कि अमेरिका लेबनान पर अलग से काम कर रहा है।
इज़रायल और लेबनानी सरकार नहीं है समस्या
पत्रकारों से बातचीत करते हुए रुबियो ने कहा, “इज़राइल और लेबनानी सरकार समस्या नहीं हैं। असली समस्या हिज़बुल्लाह है। हिज़बुल्लाह लेबनान के लोगों को पीड़ित कर रहा है।”
इज़रायल को अपनी रक्षा का हक
रूबियो ने आगे कहा, “इज़रायल को हमेशा अपनी रक्षा करने का हक है। इसलिए अगर हिज़बुल्लाह की तरफ से इज़रायल पर मिसाइलें दागी जाती है या हमला किया जाता है, तो इज़रायल को उसका जवाब देने या उसे रोकने का पूरा हक है। यह बात हमेशा से ही स्पष्ट है। इसी वजह से इज़रायल की तरफ से लेबनान पर हमले किए जा रहे हैं क्योंकि ये आत्मरक्षा का हिस्सा है।”
इज़रायल ने लेबनान में मचाई तबाही
लेबनान में इज़रायली हमलों से तबाही मच चुकी है। सीज़फायर के बावजूद साउथ लेबनान में इज़रायली हमलों का सिलसिला जारी है। इज़रायली हमलों की वजह से लेबनान में हाहाकार मचा हुआ है। 2 मार्च से अब तक इज़रायली हमलों की वजह से लेबनान में मरने वालों का आंकड़ा 3,000 पार कर गया है। इज़रायली हमलों की वजह से घायलों की संख्या भी बढ़ रही है। 2 मार्च से अब तक इज़रायली हमलों में 9,200 से ज़्यादा लोग घायल हो चुके हैं और इस आंकड़े में हर दिन इजाफा हो रहा है।


