क्या फर्जी और स्क्रिप्टेड होते हैं रियलिटी शोज? रोने-धोने की गीता कपूर ने बताई पूरी सच्चाई

क्या फर्जी और स्क्रिप्टेड होते हैं रियलिटी शोज? रोने-धोने की गीता कपूर ने बताई पूरी सच्चाई

Geeta Kapoor News: टीवी पर आने वाले रियलिटी शोज क्या वाकई असली होते हैं या फिर टीआरपी (TRP) बटोरने के लिए सब कुछ पहले से तय यानी ‘स्क्रिप्टेड’ होता है? यह एक ऐसा सवाल है जो सोशल मीडिया पर अक्सर चर्चा का विषय बना रहता है। दर्शक अक्सर शोज में दिखाई जाने वाली कंटेस्टेंट्स की दुख भरी कहानियों और जजों के रोने-धोने की प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हैं। अब इन सभी आरोपों और गलत धारणाओं पर देश की मशहूर कोरियोग्राफर और रियलिटी शो जज गीता कपूर जिन्हें लोग प्यार से गीता मां कहते हैं उन्होंने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने जो कहा उसे सुनकर हर कोई हैरान हो रहा है।

गीता कपूर ने बताई रिएलिटी शोज की सच्चाई (Geeta Kapur On reality shows scripted rumors)

एक इंटरव्यू में गीता कपूर ने रियलिटी शोज के पीछे की पूरी सच्चाई बयां की है। गीता ने कहा, “जो लोग बाहर बैठकर कमियां निकालते हैं, उन्हें खुद आकर इस दुनिया का हिस्सा बनना चाहिए। आप ही बताइए, आप किसी के डांस की स्क्रिप्ट कैसे लिख सकते हैं? डांस की स्क्रिप्ट नहीं लिखी जा सकती, हां उसकी कोरियोग्राफी जरूर की जा सकती है।”

Geeta Kapur On reality shows scripted rumors

गीता कपूर ने बताया मेरे फैसले नहीं होते स्क्रिप्टेड

गीता कपूर ने यह माना कि मंच पर किसी टैलेंट को दर्शकों के सामने पेश करने का एक प्लैन तरीका जरूर होता है, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि शो फर्जी है। उन्होंने कहा, “हम यह तय कर सकते हैं कि किसी बच्चे के टैलेंट या उसकी कहानी को दर्शकों के सामने किस तरह से खूबसूरती से पेश किया जाए। लेकिन जब लोग कहते हैं कि जजों के कमेंट्स, रोना-धोना और फैसले पहले से तय होते हैं, तो यह बात पूरी तरह गलत है। मेरे फैसले कभी स्क्रिप्टेड नहीं होते और ना ही मैं किसी की दी हुई लाइनें बोलती हूँ। मेरी पूरी टीम यह बात अच्छे से जानती है।”

Geeta Kapur On reality shows scripted rumors

गीता ने आलोचकों को चुनौती देते हुए कहा कि जो लोग इसे ‘रोना-धोना’ और स्क्रिप्टेड कहते हैं, वे एक बार सेट पर आकर लाइव शो देखें। मैं गारंटी देती हूँ कि वे खुद कई बार भावुक हो जाएंगे और अपनी सोच बदल लेंगे।

9 मई से शुरू हुआ इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5

बता दें, गीता कपूर इन दिनों छोटे पर्दे के बेहद फेमस डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ (India’s Best Dancer) के सीजन 5 में जज के रूप में नजर आ रही हैं। यह शो इसी महीने 9 मई 2026 से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव (SonyLIV) पर प्रसारित हो रहा है। इस बार शो की थीम ‘इंडिया वाला डांस’ रखी गई है, जिसमें गीता कपूर के साथ मशहूर अभिनेता जावेद जाफरी, करिश्मा कपूर और टेरेंस लुईस भी जज की कुर्सी संभाल रहे हैं।

इस नए सीजन की खासियत बताते हुए गीता मां ने कहा, “इस बार हम उन सभी बॉलीवुड गानों और स्टाइल्स को वापस ला रहे हैं, जो कहीं खो गए थे। बॉलीवुड हमारी संस्कृति और पहचान का हिस्सा है, जिस पर हमें गर्व होना चाहिए। इसलिए इस सीजन में हम नए गानों के बजाय पुराने और सदाबहार बॉलीवुड गानों को एक नए और अनोखे अंदाज में पेश कर रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *