गुजरात टाइटंस की जीत से इन 4 टीमों को हुआ फायदा, आज के मैच से क्वालीफायर 1 का समीकरण होगा साफ

गुजरात टाइटंस की जीत से इन 4 टीमों को हुआ फायदा, आज के मैच से क्वालीफायर 1 का समीकरण होगा साफ

Gujarat Titans in IPL 2026: गुजरात टाइटंस इस सीजन का 9वां मुकाबला जीतकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है और अब क्वालीफायर 1 के लिए दावा ठोक रही है। 

IPL 2026 GT vs CSK: आईपीएल 2026 के 65वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रनों से रौंद डाला। इस हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो चुकी हैं। वहीं, गुजरात टाइटंस अब क्वालीफायर-1 खेलने की रेस में आगे निकल चुकी है। हालांकि, 22 मई यानी शुक्रवार को खेले जाने वाले सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबले से यह तय हो जाएगा कि कौन सी टीम क्वालीफायर-1 खेलेगी।

क्या है क्वालीफायर 1 खेलने का मौका?

क्वालीफायर-1 खेलने का मतलब यह है कि आपको फाइनल में पहुंचने के लिए दो मौके मिल सकते हैं। अगर आप क्वालीफायर-1 हार जाते हैं, तो फिर आपको क्वालीफायर-2 खेलने का मौका मिलेगा, जो एलिमिनेटर जीतकर आने वाली टीम के खिलाफ होगा। लेकिन अगर आप टॉप-2 में फिनिश नहीं करते हैं और एलिमिनेटर खेलते हैं, तो आप एक मैच हारते ही टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे।

चेन्नई सुपर किंग्स की हार से चार टीमों को फायदा हुआ है। अब कोलकाता नाइट राइडर्स, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बढ़ गई हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स का पत्ता लगभग कट चुका है। मतलब अब बचे हुए आखिरी स्थान के लिए रेस में सिर्फ चार टीमें शामिल हैं और अभी भी राजस्थान रॉयल्स की दावेदारी सबसे ज्यादा मजबूत है, क्योंकि राजस्थान रॉयल्स को अंतिम चार में पहुंचने के लिए सिर्फ अपना मुकाबला जीतना है।

DC की संभावनाएं न के बराबर

वहीं, पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स को अपना मुकाबला जीतने के साथ-साथ यह भी उम्मीद करनी होगी कि राजस्थान रॉयल्स आखिरी मैच हार जाए। हालांकि, अगर राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स अपने-अपने आखिरी मुकाबले हार जाते हैं और दिल्ली कैपिटल्स बड़े अंतर से अपना आखिरी मुकाबला जीत देती है, तो फिर दिल्ली के भी अंतिम चार में पहुंचने की गुंजाइश बनी रहेगी। लेकिन नेट रन रेट -0.871 होने की वजह से दिल्ली के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना लगभग खत्म हो चुकी है।

फिलहाल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अंत तालिका में पहले स्थान पर है। हालांकि उसे एक मैच और खेलना है। गुजरात टाइटंस 14 मुकाबले खेल चुके है और 18 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 मैचों में 16 अंक हासिल किए हैं और वह तीसरे स्थान पर है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *