फायरिंग में वेरावल के जख्मी प्रौढ़ ने तोड़ा दम, हत्या के आरोप में चार गिरफ्तार

फायरिंग में वेरावल के जख्मी प्रौढ़ ने तोड़ा दम, हत्या के आरोप में चार गिरफ्तार

मृतक के परिजनों में मातम, कड़ा पुलिस बंदोबस्त तैनात

राजकोट. गिर सोमनाथ जिले के वेरावल में तुर्क समाज के प्रमुख जावीद उर्फ जाहिद ताजवाणी (42) ने फायरिंग में जख्मी होने के बाद राजकोट सिविल अस्पताल में बुधवार देर रात दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
वेरावल में बिस्कीन कॉलोनी निवासी जावीद और उनके चचेरे भाई व भतीजे की मौजूदगी में आर. डी. चौहान हाईस्कूल के पास वेरावल के एफएम ग्रुप से जुड़े फारूक मौलाना ने बुधवार दोपहर में फायरिंग की थी। सिर मेें गोली लगने से जावीद को गंभीर चोट पहुंची थी। हमले में उनका भतीजा सरफराज सिमादी (20) भी घायल हो गया था। दोनों को इलाज के लिए राजकोट सिविल अस्पताल लाया गया। बुधवार देर रात जावीद ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतक के परिजनों में मातम छा गया। वेरावल में कड़ा पुलिस बंदोबस्त तैनात कर दिया गया।
इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। जांच में सामने आया कि ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को लेकर बातचीत के दौरान विवाद हुआ था। उसी समय फारूक मौलाना के पुत्र जावेद, उसके मित्र और वाहन चालक ने जान से मारने की धमकी दी थी। इसके तुरंत बाद फारूक मौलाना ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी।
फायरिंग के बाद फारूक मौलाना और उसका पुत्र जावेद वहां से मोपेड पर फरार हो गए। उसी समय वहां से गुजर रहे साजिद के रिश्तेदार सद्दाम आडबा को रोककर तुरंत रिक्शा की व्यवस्था की गई और जावीद को पहले वेरावल सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें निजी अस्पताल, फिर जूनागढ़ और वहां से राजकोट रेफर किया गया था। राजकोट सिविल अस्पताल में बुधवार देर रात जावीद के दम तोड़ने के बाद मामला हत्या में बदल गया।
इस सनसनीखेज घटना के संबंध में साजिद हाला की शिकायत के आधार पर वेरावल पुलिस ने शिकायत पर फारूक मौलाना, उसके पुत्र जावेद मौलाना, वाहन चालक अनीश कुरैशी और जावेद के मित्र तालियो बाली के खिलाफ जान से मारने की नीयत से फायरिंग और धमकी देने का मामला दर्ज किया था। अब इसमें हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *