GT vs CSK: गुजरात ने चेन्नई को दिया 230 रनों का लक्ष्य, बटलर-गिल और सुदर्शन ने जड़े तूफानी अर्धशतक

GT vs CSK: गुजरात ने चेन्नई को दिया 230 रनों का लक्ष्य, बटलर-गिल और सुदर्शन ने जड़े तूफानी अर्धशतक

गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 229 रन बनाए हैं। सुदर्शन ने 84, गिल ने 64 और बटलर ने नाबाद 57 रनों की पारी खेली। सीएसके एक लिए स्पेंसर जॉनसन, मुकेश चौधरी और अंशुल कंबोज ने एक – एक विकेट लिए। 

Gujarat Titans vs Chennai Super Kings, 66th Match, Indian Premier League 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 66वां मुकाबला गुजरात टाइटंस (GT) और पांच बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला जा रहा है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में गुजरात टाइटंस ने सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन, कप्तान शुभमन गिल और विकेट कीपर बल्लेबाज जोस बटलर के ताबड़तोड़ अर्धशतकों की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स को 230 रनों का विशाल लक्ष्य दिया है।

शुभमन गिल और साई सुदर्शन की तेज शुरुआत

गुजरात टाइटंस के लिए कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने एक बार फिर शानदार शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी की। यह 10वां मौका था, जब दोनों के बीच 100 या उससे अधिक रन की साझेदारी हुई। शुभमन गिल 37 गेंदों पर 3 छक्के और 7 चौकों की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुए।

सुदर्शन के पास ऑरेंज कैप

साई सुदर्शन और जोस बटलर ने दूसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की। साई सुदर्शन ने 53 गेंदों पर 4 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 84 रन की पारी खेली। वह दूसरे विकेट के रूप में आउट हुए। सुदर्शन के 14 मैचों में 638 रन हो गए हैं, और उनके पास फिर से ऑरेंज कैप चली गई है।

जोस बटलर ने भी शानदार अर्धशतक लगाया

जोस बटलर ने भी शानदार अर्धशतक लगाया। वह 27 गेंदों पर 4 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 57 रन बनाकर नाबाद रहे। राहुल तेवतिया बिना खाता खोले रन आउट हुए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर 3 गेंदों पर 7 रन बनाकर आउट हुए। गुजरात टाइटंस ने 4 विकेट पर 229 रन बनाए हैं।

अंशुल कंबोज एक बार फिर महंगे साबित हुए

अंशुल कंबोज एक बार फिर महंगे रहे। कंबोज ने 4 ओवर में 56 रन लुटाए और सिर्फ 1 विकेट ले सके। स्पेंसर जॉनसन ने 4 ओवर में 47 रन देकर 1 विकेट लिए। गुरजपनीत ने अच्छी गेंदबाजी की और 4 ओवर में सिर्फ 31 रन दिए, लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिल सका। दोनों ही टीमों का सीजन का ये आखिरी लीग मैच है। जीटी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। सीएसके को प्लेऑफ की किसी भी संभावना को जिंदा रखने के लिए इस मैच को जीतना ही होगा।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *