IPL 2026 Playoffs Race: ईडन गार्डन्स में केकेआर ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखी है। हालांकि इस जीत से राजस्थान रॉयल्स के प्लेऑफ समीकरण पर कोई फर्क नहीं पड़ा है।
IPL 2026 Playoffs Qualification Scenario: बुधवार को ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) ने मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को चार विकेट से हराकर अपनी प्लेऑफ उम्मीदों को जिंदा रखा। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 147 रन बनाए। इसके जवाब में 148 रन जैसे आसान लक्ष्य को कोलकाता नाइट राइडर्स ने छह विकेट गंवाकर 19वें ओवर में हासिल कर लिया।
आखिरी स्थान के लिए रेस हुई रोमांचक
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru), गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) और सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) ने अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं आखिरी स्थान के लिए राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals), पंजाब किंग्स (Punjab Kings), चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) और दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) की टीमें दौड़ में शामिल हैं। हालांकि इनमें से राजस्थान रॉयल्स सबसे आगे नजर आ रही है, क्योंकि अगर राजस्थान अपनी आखिरी मुकाबला जीत जाती है तो वह आसानी से प्लेऑफ में पहुंच जाएगी।
दूसरी ओर पंजाब किंग्स और केकेआर की स्थिति लगभग एक जैसी है। दोनों टीमों ने 13-13 मुकाबले खेले हैं और 13-13 अंक हासिल किए हैं। दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला बारिश की वजह से धुल गया था, जिसके कारण दोनों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। पंजाब किंग्स का नेट रन रेट बेहतर है, जिसकी वजह से वह पांचवें स्थान पर है, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स छठे स्थान पर मौजूद है। राजस्थान अगर अपना आखिरी मुकाबला जीत लेती है तो पंजाब किंग्स, केकेआर, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स अपना-अपान आखिरी मैच जीतकर भी अंतिम 4 में नहीं पहुंच पाएंगी।
अगर आईपीएल 2026 के 65वें मुकाबले की बात की जाए, तो मुंबई इंडियंस पहले बल्लेबाजी करने उतरी और टीम ने 41 रन पर ही 4 विकेट गंवा दिए। तिलक वर्मा ने 20 रन बनाए तो हार्दिक पंड्या ने 26 रन बनाए। 8वें नंबर पर आकर कॉर्बिन बॉश ने 18 गेंदों में 32 रन बनाकर मुंबई इंडियंस को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। केकेआर की ओर से सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी और कैमरन ग्रीन ने 2-2 विकेट चटकाए।
मनीष पांडे ने जीत को बनाया आसान
148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दोनों ओपनर्स सस्ते में पवेलियन लौट गए। कैमरन ग्रीन को बैटिंग ऑर्डर में प्रमोट किया गया लेकिन ये चाल काम नहीं आई और वह 4 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि मनीष पांडे और रॉवमन पॉवेल ने केकेआर को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया और बचा हुआ काम रिंकू सिंह ने अनुकूल रॉय के साथ मिलकर कर दिया। अब केकेआर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 24 मई को मैदान पर उतरेगी।
Sports – Patrika | CMS






