अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली घरेलू क्रिकेट श्रृंखला के लिए आखिरकार भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। चयन समिति ने युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के संतुलन के साथ टीम तैयार की है, जिसमें शुभमन गिल को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए कप्तान बनाया गया है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला 6 जून से मुल्लांपुर में खेला जाएगा। इसके बाद तीन एकदिवसीय मुकाबलों की श्रृंखला धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में आयोजित होगी है।
गौरतलब है कि चयन समिति की बैठक गुवाहाटी में मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर की मौजूदगी में हुई। बैठक के बाद टीमों का आधिकारिक ऐलान किया गया है।
एकदिवसीय टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी हुई है। हालांकि रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या की उपलब्धता पूरी तरह फिटनेस जांच पर निर्भर रहेगी। बता दें कि रोहित हाल के दिनों में हैमस्ट्रिंग की परेशानी से जूझ रहे थे, जबकि हार्दिक पांड्या पीठ की समस्या से उबर रहे हैं।
वहीं टेस्ट टीम में केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी ऋषभ पंत के पास थी। चयनकर्ताओं ने पंत को टेस्ट टीम में बरकरार रखा है, लेकिन उन्हें एकदिवसीय टीम में जगह नहीं मिली है।
मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर ने कहा कि ऋषभ पंत अभी सीमित ओवर प्रारूप के लिए पूरी तरह तैयार नहीं माने जा रहे हैं, लेकिन वह टेस्ट टीम का अहम हिस्सा बने हुए है।
इस श्रृंखला में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है। चयनकर्ताओं के मुताबिक बुमराह के कार्यभार को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है और वह इंग्लैंड दौरे से पहले वापसी करेंगे।
गौरतलब है कि अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को भी टेस्ट मुकाबले से आराम दिया गया है। चयन समिति नए खिलाड़ियों को मौका देने के पक्ष में दिखाई दी।
इस बार कुछ युवा खिलाड़ियों को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है। हर्ष दुबे, गुरनूर बराड़ और मानव सुथार को टेस्ट टीम में शामिल किया गया है, जबकि प्रिंस यादव को एकदिवसीय टीम में मौका मिला है।
वहीं मोहम्मद शमी को एक बार फिर टीम में जगह नहीं मिली। हालांकि वह हाल के महीनों में घरेलू क्रिकेट और लीग मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे।
बता दें कि चयन बैठक से पहले वैभव सूर्यवंशी, देवदत्त पडिक्कल, वॉशिंगटन सुंदर और नितीश कुमार रेड्डी जैसे खिलाड़ियों को लेकर भी काफी चर्चा थी। देवदत्त पडिक्कल को आखिरकार टेस्ट टीम में जगह मिल गई, जबकि सुंदर और नितीश रेड्डी को सीमित ओवर टीम में शामिल किया गया है।
भारतीय एकदिवसीय टीम में शुभमन गिल के अलावा रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नितीश रेड्डी, हार्दिक पांड्या, प्रिंस यादव, हर्ष दुबे, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर और गुरनूर बराड़ को शामिल किया गया है।
वहीं टेस्ट टीम में शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, ऋषभ पंत, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, हर्ष दुबे और गुरनूर बराड़ को मौका मिला है।
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि युवा कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ कैसा प्रदर्शन करती है। वहीं आगामी विश्व कप को देखते हुए यह श्रृंखला कई खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा अवसर भी मानी जा रही हैं।


