शामली के कांधला थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और चर्चित आईपीएस अधिकारियों के साथ कथित एडिटेड तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इन तस्वीरों के जरिए युवक आसपास के लोगों पर दबाव और प्रभाव बनाने की कोशिश कर रहा था। मामले में स्थानीय व्यापारी ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
आरोपी युवक की पहचान अतुल सैनी उर्फ अटल सैनी के रूप में हुई है। उसकी फेसबुक आईडी ‘अतुल सैनी’ के नाम से संचालित बताई जा रही है। वायरल तस्वीरों में युवक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हाथ जोड़कर खड़ा दिखाई दे रहा है। दूसरी तस्वीर में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट करते हुए नजर आ रहा है। वहीं एक अन्य फोटो में युवक चर्चित आईपीएस अधिकारी डॉ. अजयपाल के साथ दिखाई दे रहा है। इसके अलावा एक तस्वीर में युवक गले में सोने की चेन और हाथ में रिवॉल्वर लिए भी नजर आ रहा है। मामले में स्थानीय व्यापारी दीपक बंसल ने कांधला थाना पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि तस्वीरों को एडिट कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया है, जिससे लोगों में धौंस जमाने और माहौल प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत के साथ फोटो के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे गए हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी का बड़ा भाई मोनू सैनी पहले गाजियाबाद में आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। सोशल मीडिया पर उससे जुड़ी तस्वीरें और पोस्ट भी साझा की गई हैं। एक पोस्ट में भाजपा विधायक मुकेश चौधरी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने और समाज विशेष को भड़काने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर क्राइम टीम सोशल मीडिया अकाउंट और वायरल तस्वीरों की सत्यता की पड़ताल कर रही है।


