भीषण गर्मी के बीच राजधानी में लगातार हो रही बिजली कटौती पर आखिरकार बिजली विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने और उपभोक्ताओं के प्रदर्शन के बाद मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद सप्लाई बहाल कराई गई और तीन अधिकारियों को हटा दिया गया। लोगों के प्रदर्शन के बाद हुआ एक्शन पिछले एक महीने से गोमतीनगर, चिनहट, इंदिरानगर, फैजुल्लागंज, नादरगंज, उतरेठिया समेत कई इलाकों में लंबे समय तक बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि शिकायत नंबर 1912 पर फोन करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा था और शिकायतें बिना निस्तारण के बंद दिखाई जा रही थीं। नादरगंज के अंबेडकर पावर हाउस और शारदानगर के एकता नगर क्षेत्र में 10 से 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और बिजली घरों के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई शुरू की गई। लोग बोले लगातार रहती है बिजली कटौती आलमबाग के श्रृंगार नगर निवासी शैलेन्द्र ने बताया कि दिनभर कई बार बिजली कट जाती है और शिकायत करने पर अधिकारी फोन तक नहीं उठाते। वहीं बिजनौर के मनीष गेट इलाके में मंगलवार को करीब 10 घंटे बिजली गुल रही, जिससे नाराज लोग घरों से बाहर निकल आए और बिजली घर के सामने प्रदर्शन किया। काकोरी के हर्षनगर क्षेत्र में भी लगातार कटौती को लेकर लोगों में आक्रोश देखा गया। ये अधिकारी हटाए गए बिजली संकट पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने तीन अधिकारियों को हटा दिया। इनमें कृष्णानंद, अधिशासी अभियंता 11 केवी एवं एलटी न्यू आलमबाग-अमौसी क्षेत्र; महेंद्र कुमार, एसडीओ 11 केवी एवं एलटी न्यू आलमबाग-अमौसी क्षेत्र; और विवेक प्रकाश, अधिशासी अभियंता पीआर एडमिन एवं हेल्पडेस्क अमौसी क्षेत्र शामिल हैं।वहीं अनिल कुमार यादव को मुख्य अभियंता वितरण अमौसी क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा अभिषेक कुशवाहा को अधिशासी अभियंता एलटी एवं 11 केवी न्यू आलमबाग के पद पर तैनात किया गया है।


