RCB vs MI, IPL 2026: शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आखिरी आईपीएल मैच 2016 में खेला गया था। पिछले आठ सालों में इस मैदान पर सिर्फ दो अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच और रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के मुकाबले खेले गए हैं। इसलिए दोनों टीमों को पिच और परिस्थितियों का ज्यादा अनुभव नहीं है।
Royal Challengers Bengaluru vs Mumbai Indians Pitch Report: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का 54वां मुकाबला गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला जाएगा। यह मुक़ाबला आरसीबी के दूसरे होम ग्राउंड रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस स्टेडियम में 10 साल के बाद कोई आईपीएल मुक़ाबला खेला जा रहा है।
10 साल पहले खेला गया था आईपीएल मैच
शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आखिरी आईपीएल मैच 2016 में खेला गया था। पिछले आठ सालों में इस मैदान पर सिर्फ दो अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच और रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के मुकाबले खेले गए हैं। इसलिए दोनों टीमों को पिच और परिस्थितियों का ज्यादा अनुभव नहीं है।
इस मैदान पर आखिरी अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच दिसंबर 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था, जिसमें भारत ने 174 रनों का सफलतापूर्वक बचाव किया था। वहीं जनवरी 2026 में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 208 रनों का लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की थी।
विराट कोहली का इस मैदान से पुराना नाता
आखिरी आईपीएल मैच 2016 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के बीच हुआ था। उस मैच में विराट कोहली ने नाबाद 54 रन बनाए थे और आरसीबी को जीत दिलाई थी। विराट को इस मैदान की अच्छी जानकारी है। मुंबई इंडियंस की तरफ से सूर्यकुमार यादव को भी यहां खेलने का ताजा अनुभव है। उन्होंने इसी साल न्यूजीलैंड के खिलाफ इसी स्टेडियम में 37 गेंदों पर नाबाद 82 रनों की आक्रामक पारी खेली थी।
मौसम और प्रैक्टिस
शनिवार को दोनों टीमों के प्रैक्टिस सत्र के दौरान बारिश ने खलल डाला। करीब एक घंटे की प्रैक्टिस के बाद तेज बारिश, बिजली और गरज के साथ सत्र बीच में ही समाप्त करना पड़ा। मैच वाले दिन मौसम विभाग साफ आसमान और 30 डिग्री तापमान की उम्मीद जता रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार इन दिनों शाम के समय अचानक बारिश हो रही है। ऐसे में मैच के दौरान भी बारिश रुकावट डाल सकती है।
रायपुर की पिच रिपोर्ट
शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम की पिच शुरुआती ओवरों में अच्छी बाउंस और पेस प्रदान करती है, जिससे पावरप्ले में बल्लेबाज खुलकर खेल सकते हैं। यह भारत के सबसे बड़े मैदानों में से एक है, इसलिए यहां बड़ी बाउंड्रियों के कारण छक्के मारना आसान नहीं होता। सटीक टाइमिंग और प्लेसमेंट ज्यादा महत्वपूर्ण है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मिल सकती है, जबकि मध्य ओवरों में स्पिनर्स को ग्रिप और टर्न मिलने की उम्मीद है। शाम को ड्यू बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा दे सकती है। टी20 मैचों में यहां औसत स्कोर 175 से 190 के बीच रहा है।
Sports – Patrika | CMS


