लखीमपुर खीरी के युवा शूटर प्रणव तिवारी ने भोपाल में आयोजित 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर जिले और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। प्रणव को सुनने में दिक्कत है और उनके दोनों कानों में मशीन लगी है। इसके बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर यह बड़ी सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करना चाहते हैं। कोच दीपक दुबे के मार्गदर्शन में कर रहे प्रशिक्षण प्रणव की शुरुआती शिक्षा लखीमपुर में हुई। पिछले तीन वर्षों से वह भारतीय टीम के कोच दीपक दुबे के मार्गदर्शन में फरीदाबाद में शूटिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं। लगातार अभ्यास और अनुशासन के चलते उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। ओलंपिक में भारत के लिए गोल्ड जीतना है सपना प्रणव तिवारी का अगला लक्ष्य ओलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। उनकी इस सफलता पर खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


